Padmini Ekadashi 2026: 3 साल बाद बन रहा है पद्मिनी एकादशी का दुर्लभ संयोग, जानें क्यों खास माना जाता है यह व्रत?

KNEWS DESK- हिंदू धर्म में एकादशी तिथि को भगवान विष्णु की आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है. वैसे तो सालभर में 24 एकादशियां आती हैं, लेकिन पद्मिनी एकादशी का महत्व सबसे अलग माना गया है. यह व्रत हर साल नहीं आता, बल्कि केवल अधिक मास यानी पुरुषोत्तम मास में पड़ता है. यही वजह है कि यह दुर्लभ एकादशी लगभग 3 साल बाद आती है. साल 2026 में पद्मिनी एकादशी का व्रत 27 मई, बुधवार को रखा जाएगा.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने से व्यक्ति को कई यज्ञों, तपस्याओं और दान के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है.

क्यों खास मानी जाती है पद्मिनी एकादशी?

पद्मिनी एकादशी को बेहद पुण्यदायी और मोक्ष प्रदान करने वाली एकादशी माना गया है. धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, इस दिन व्रत रखने और भगवान विष्णु का स्मरण करने से व्यक्ति के पाप समाप्त होते हैं और जीवन में सुख-शांति आती है.

मान्यता है कि जो भक्त सच्चे मन से इस दिन उपवास रखकर भगवान विष्णु की पूजा करता है, उसके जीवन की बाधाएं धीरे-धीरे दूर होने लगती हैं. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत को करने से कुंडली के दोष भी शांत होते हैं और आर्थिक परेशानियों से राहत मिलती है.

पद्मिनी एकादशी की पूजा विधि

पद्मिनी एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें. इसके बाद घर के मंदिर में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें.

भगवान को पीले फूल, तुलसी दल, फल और पंचामृत अर्पित करें. इसके बाद “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का जाप करें या विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें. शाम के समय भगवान विष्णु की आरती करें और भोग लगाएं. अगले दिन द्वादशी तिथि में व्रत का पारण करना शुभ माना जाता है.

इस दिन क्या दान करना शुभ माना जाता है?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पद्मिनी एकादशी के दिन अन्न, जल, वस्त्र, फल, छाता और दक्षिणा का दान करना बेहद शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि इस दिन जरूरतमंदों की सहायता करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है.

क्या है पद्मिनी एकादशी का धार्मिक महत्व?

पद्म पुराण में पद्मिनी एकादशी का विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि इस दिन किए गए जप, तप, पूजा और दान का फल कई गुना बढ़कर मिलता है. जो लोग लंबे समय से किसी परेशानी, मानसिक तनाव या आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, उन्हें इस दिन भगवान विष्णु की पूजा जरूर करनी चाहिए.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पद्मिनी एकादशी का व्रत व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *