KNEWS DESK- देश में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पिछले 11 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिसके बाद राजधानी दिल्ली में पहली बार पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। नई दरों के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इससे पहले भी 15 मई, 19 मई और फिर शनिवार को कीमतों में लगातार इजाफा किया गया था। चार बार हुई बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम कुल मिलाकर करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं।
देश के अन्य महानगरों में भी पेट्रोल पहले ही 100 रुपये के पार पहुंच चुका है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। कोलकाता में डीजल 99.82 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
ईंधन के साथ-साथ सीएनजी की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को सीएनजी के दाम में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई। दिल्ली में अब सीएनजी 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। पिछले कुछ दिनों में यह तीसरी बढ़ोतरी है और कुल मिलाकर सीएनजी के दाम 4 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ चुके हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए, जिससे तेल सप्लाई का महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट प्रभावित हुआ। इसके चलते वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों का असर अब सीधे भारतीय उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। लंबे समय तक स्थिर रहने के बाद मई के मध्य से तेल कंपनियां लगातार पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ा रही हैं। बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता और परिवहन क्षेत्र दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ गया है।