KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ महोबा और वाराणसी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से वायरल वीडियो की पड़ताल की जा रही है।
महोबा में आर्यन पंड्या की शिकायत पर चौक थाने में देर रात अजय राय के खिलाफ केस दर्ज किया गया। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उससे जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं वाराणसी में भी राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
अजय राय बोले- “सौ मुकदमे भी कर लें, डरने वाला नहीं”
मामले में अब अजय राय की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी भी दबाव से डरने वाले नहीं हैं। राय ने कहा, “वो मुझ पर एक नहीं सौ मुकदमे करा लें, लेकिन मैं अन्याय और मजलूमों के हक की आवाज उठाता रहूंगा।”
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर कथित टिप्पणी वाले वीडियो को बीजेपी की साजिश बताते हुए दावा किया कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से बनाया गया है।
“AI जेनरेटेड वीडियो वायरल किया गया”
अजय राय ने आरोप लगाया कि महोबा की एक छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के खिलाफ आवाज उठाने के बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पीड़िता के साथ कई दिनों तक अमानवीय व्यवहार किया गया, उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। जब उन्होंने इस मामले को उठाया तो बीजेपी के लोगों ने उनके खिलाफ कथित तौर पर AI से तैयार वीडियो वायरल कर दिया।
राय ने इसे राजनीतिक प्रोपेगेंडा बताते हुए कहा कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा दिलाने की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा के दावों के बावजूद अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि महोबा मामले के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नरमी अपराधियों का मनोबल बढ़ाती है और सरकार को उदाहरण पेश करते हुए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग
अजय राय ने पीड़ित छात्रा के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि आर्थिक मदद किसी बेटी की जिंदगी की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन मुश्किल समय में परिवार को सहारा देने के लिए सरकार को संवेदनशील कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला सुरक्षा और न्याय की लड़ाई में हमेशा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी। राय ने कहा कि जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती, तब तक न्याय अधूरा रहेगा।