पाकिस्तान में ट्रेन पर बड़ा आतंकी हमला! क्वेटा के पास धमाके से दहशत, कई यात्री घायल

Knews Desk- पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। क्वेटा के पास एक यात्री ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाका रेलवे ट्रैक के पास हुआ, जिसकी वजह से ट्रेन के कई डिब्बे प्रभावित हुए। सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।

बताया जा रहा है कि यह हमला उस समय हुआ जब ट्रेन क्वेटा से सिंध की ओर जा रही थी। विस्फोट इतना जोरदार था कि ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, धमाके के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

फिलहाल अधिकारियों ने हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन कई यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते कई ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है।

बलूचिस्तान लंबे समय से आतंकी और अलगाववादी हिंसा का केंद्र रहा है। यहां सक्रिय उग्रवादी संगठन पहले भी रेलवे ट्रैक, ट्रेनों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाते रहे हैं। जाफर एक्सप्रेस पर पहले भी कई हमले हो चुके हैं। नवंबर 2024 में क्वेटा रेलवे स्टेशन पर हुए आत्मघाती हमले में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शक बलूचिस्तान में सक्रिय आतंकी गुटों पर जताया जा रहा है। पाकिस्तान सरकार ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *