Knews Desk– भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज बड़ा दिन माना जा रहा है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली AIIMS के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम भोपाल AIIMS में ही मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जाएगा।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से ही उनका परिवार पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठा रहा था। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती जांच में कई अहम पहलुओं को नजरअंदाज किया गया। इसी वजह से परिवार लगातार दूसरे पोस्टमार्टम की मांग कर रहा था। पहले जिला अदालत ने यह मांग खारिज कर दी थी, लेकिन बाद में हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी।

इस बीच मामले में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ट्विशा के पति समर्थ सिंह को अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब उससे लगातार पूछताछ कर रही है और ट्विशा की मौत से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही ट्विशा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल परिवार न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है और उनका कहना है कि पूरी सच्चाई सामने आने तक वे पीछे नहीं हटेंगे। पूरे मामले पर देशभर की नजर बनी हुई है।