KNEWS DESK – रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान मचाया है कि हर तरफ सिर्फ उन्हीं की चर्चा हो रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस मेगा ब्लॉकबस्टर ने 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया है। लगातार दो इंडस्ट्री हिट देने के बाद रणवीर सिंह अब बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स की लिस्ट में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में अब फैंस की नजर उनके अगले बड़े प्रोजेक्ट पर टिकी हुई है।
इसी बीच इंडस्ट्री के गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद रणवीर सिंह ने यशराज फिल्म्स के प्रमुख आदित्य चोपड़ा के साथ एक सीक्रेट मीटिंग की है। इस मुलाकात ने बॉलीवुड में नई हलचल पैदा कर दी है। चर्चा तेज हो गई है कि क्या रणवीर और YRF की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह और आदित्य चोपड़ा की यह खास मुलाकात 15 मई को YRF स्टूडियो में हुई थी। दोनों के बीच बंद कमरे में काफी लंबी बातचीत हुई, जिसमें आने वाले समय के बड़े प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की गई। सूत्रों का कहना है कि आदित्य चोपड़ा रणवीर सिंह की मौजूदा सफलता से बेहद खुश हैं। गौरतलब है कि रणवीर सिंह को बॉलीवुड में लॉन्च करने का श्रेय भी आदित्य चोपड़ा को ही जाता है।
कहा जा रहा है कि दोनों एक बड़े स्केल की फीचर फिल्म पर साथ काम करने की योजना बना रहे हैं। इस मीटिंग में रणवीर सिंह और YRF के संभावित रीयूनियन को लेकर भी गंभीर बातचीत हुई है। रिपोर्ट्स की मानें तो आदित्य चोपड़ा ने रणवीर से वादा किया है कि अगले छह महीनों के भीतर वह उन्हें एक दमदार फिल्म ऑफर करेंगे।
रणवीर सिंह भी इस संभावित प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित बताए जा रहे हैं। अगर यह कोलैबोरेशन फाइनल होता है, तो यह करीब तीन साल बाद होगा जब रणवीर सिंह और YRF फिर से साथ काम करेंगे। इससे पहले रणवीर ने साल 2023 में रिलीज हुई ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीता था।