KNEWS DESK – Amitabh Bachchan सोशल मीडिया पर अक्सर अपने दिलचस्प पोस्ट्स और ऐतिहासिक जानकारियों को लेकर चर्चा में रहते हैं. इस बार बिग बी ने ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और भारत के पुराने सांस्कृतिक रिश्तों को लेकर नई जिज्ञासा भी पैदा कर दी. अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर ईरान में मौजूद एक प्राचीन हिंदू विष्णु मंदिर का वीडियो शेयर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में Vishnu Temple Bandar Abbas की झलक दिखाई गई है. पोस्ट शेयर करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा कि यह मंदिर ईरान के बंदर अब्बास इलाके में स्थित है और इसका निर्माण 1892 में कजार शासनकाल के दौरान हुआ था. बिग बी का यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए. कई लोगों ने कमेंट कर कहा कि उन्हें कभी पता ही नहीं था कि ईरान में भी एक प्राचीन विष्णु मंदिर मौजूद है.
वीडियो में मंदिर की वास्तुकला और उसकी प्राचीन डिजाइन लोगों को काफी आकर्षित कर रही है. मंदिर में भारतीय और फारसी शैली का अनोखा मेल देखने को मिलता है, जो इसे बेहद खास बनाता है. सोशल मीडिया पर लोग इस ऐतिहासिक धरोहर को लेकर काफी उत्सुकता दिखा रहे हैं.
इतिहासकारों और कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मंदिर का निर्माण उस दौर में हुआ था जब भारत और ईरान के बीच व्यापारिक संबंध काफी मजबूत थे. उस समय बड़ी संख्या में भारतीय व्यापारी बंदर अब्बास जैसे इलाकों में व्यापार के सिलसिले में जाया करते थे. माना जाता है कि ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी से जुड़े भारतीय समुदाय ने इस मंदिर का निर्माण करवाया था, ताकि विदेश में रहते हुए भी वे अपनी धार्मिक परंपराओं और आस्था से जुड़े रह सकें.
Amitabh Bachchan के इस पोस्ट ने न सिर्फ लोगों को एक अनजानी ऐतिहासिक जानकारी दी, बल्कि भारत और ईरान के पुराने सांस्कृतिक संबंधों को भी फिर से चर्चा में ला दिया है. सोशल मीडिया पर यूजर्स मंदिर की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर इसकी खूबसूरती की जमकर तारीफ कर रहे हैं।