तीन पत्नियों की मौत के बाद 65 साल के बुजुर्ग ने रचाई चौथी शादी, पड़ोसन बनी दुल्हन तो गांव में मची चर्चा

Knews Desk– बिहार के जमुई जिले से एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां 65 वर्षीय चपट मांझी ने 62 साल की अपनी पड़ोसन आशा देवी के साथ मंदिर में शादी रचा ली. इस बुजुर्ग जोड़े की शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, खैरा प्रखंड के डुमरकोला गांव के रहने वाले चपट मांझी और आशा देवी कई सालों से पड़ोसी हैं. दोनों का घर आमने-सामने है और पिछले करीब एक साल से दोनों एक-दूसरे का सहारा बने हुए थे. गांव में उनके रिश्ते को लेकर लगातार ताने और चर्चाएं होने लगीं, जिसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को शादी का नाम देने का फैसला कर लिया. शनिवार को महादेव सिमरिया मंदिर में दोनों ने सात फेरे लिए.

दूल्हे चपट मांझी की है चौथी शादी

चपट मांझी ने बताया कि उनकी पहली तीन पत्नियों की मौत हो चुकी है और करीब 15 साल पहले वह पूरी तरह अकेले हो गए थे. उनका एक बेटा और बहू हैं, लेकिन दोनों बाहर रहकर काम करते हैं. ऐसे में बुढ़ापे में उन्हें खाने-पीने और बीमारी के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.

बेटी देखभाल नहीं करती थी, इसलिए चाहिए था सहारा

उन्होंने कहा कि पड़ोस में रहने वाली आशा देवी मुश्किल समय में उनकी देखभाल करती थीं. धीरे-धीरे दोनों के बीच अपनापन बढ़ा और उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया. हालांकि, इस शादी से उनका बेटा और बहू खुश नहीं बताए जा रहे हैं, लेकिन बुजुर्ग दंपति का कहना है कि इस उम्र में उन्हें किसी सहारे और अपनेपन की जरूरत थी.

वहीं, गांव में इस शादी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे बुढ़ापे में साथ और सहारे की जरूरत बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे लेकर मजाक और चर्चा कर रहे हैं. बावजूद इसके, चपट मांझी और आशा देवी ने समाज की परवाह किए बिना एक-दूसरे का हाथ थाम लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *