Knews Desk– दिल्ली में बढ़ती भीड़ और निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री Narendra Modi की पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की अपील के बाद DMRC ने 18 मई से हर सोमवार 6 अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. इन अतिरिक्त ट्रेनों से कुल 24 नए ट्रेन ट्रिप जुड़ेंगे, जिससे यात्रियों को भीड़भाड़ के समय राहत मिलने की उम्मीद है.
क्या है वजह ?
DMRC के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो में रोजाना करीब 65 लाख लोग सफर करते हैं. सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है. खासतौर पर सुबह 9 बजे और शाम 6 बजे के आसपास कई रूट्स पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया गया है ताकि लोगों को आरामदायक और तेज यात्रा की सुविधा मिल सके.
DMRC ने यह भी साफ किया है कि अगर जरूरत महसूस हुई तो सोमवार के अलावा अन्य दिनों में भी अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा सकती हैं. इसके साथ ही मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी. वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, बैगेज स्कैनर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) भी लगाए जा रहे हैं.
दिल्ली की ‘लाइफ लाइन’ बन चुकी है मेट्रो
दिल्ली मेट्रो आज राजधानी की ‘लाइफ लाइन’ बन चुकी है. DMRC का कहना है कि मेट्रो नेटवर्क रेलवे स्टेशन, ISBT, एयरपोर्ट, RRTS, नोएडा और गुरुग्राम मेट्रो से जुड़ा हुआ है, जिससे यात्रियों को आसान मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी मिलती है. इसके अलावा 160 मेट्रो स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी की सुविधा भी दी जा रही है. इसके तहत ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी और साइकिल जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं.
दिल्ली मेट्रो अब तकनीक के मामले में भी काफी हाईटेक हो चुकी है. 126 स्टेशनों पर ‘पार्क एंड राइड’ सुविधा उपलब्ध है. वहीं, डिजिटल टिकटिंग के तहत QR टिकट, NCMC कार्ड, व्हाट्सऐप टिकटिंग, पेटीएम, फोनपे, अमेजन पे और IRCTC इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं भी यात्रियों को दी जा रही हैं. DMRC ने कहा है कि वह सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।