CBI का ABHAY AI चैटबॉट क्या है? डिजिटल अरेस्ट और फर्जी नोटिस से ऐसे बचाएगा आपको

KNEWS DESK- आज के समय में साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। जालसाज अब खुद को CBI, पुलिस या दूसरी सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को डराने लगे हैं। ऐसे ही साइबर अपराधों से लोगों को बचाने के लिए Central Bureau of Investigation यानी CBI ने कुछ समय पहले ‘ABHAY’ नाम का AI Powered Chatbot लॉन्च किया था। यह चैटबॉट खासतौर पर CBI नोटिस की जांच और लोगों को जागरूक करने के लिए तैयार किया गया है।

क्या है CBI का ABHAY AI चैटबॉट?

ABHAY एक AI आधारित हेल्पबॉट है, जिसे CBI ने नागरिकों को फर्जी नोटिस और डिजिटल अरेस्ट स्कैम से बचाने के लिए लॉन्च किया है। इसकी मदद से लोग यह जांच सकते हैं कि उन्हें मिला कोई नोटिस असली है या नकली। CBI के मुताबिक, यह सिस्टम लोगों को साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से सतर्क करने और सही जानकारी देने का काम करता है।

क्यों जरूरत पड़ी इस AI सिस्टम की?

CBI ने बताया कि भारत में साइबर फ्रॉड तेजी से बढ़ रहा है और यह आपराधिक न्याय प्रणाली के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीपफेक और एडवांस टेक्नोलॉजी की वजह से अब आम लोगों के लिए असली और नकली नोटिस में फर्क करना बेहद मुश्किल हो गया है। इसी वजह से ABHAY AI चैटबॉट को लॉन्च किया गया ताकि लोग आसानी से फर्जीवाड़े को पहचान सकें।

क्या होता है डिजिटल अरेस्ट स्कैम?

डिजिटल अरेस्ट स्कैम में ठग खुद को CBI, पुलिस या किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं। इसके बाद फर्जी नोटिस भेजकर उन्हें वीडियो कॉल या ऑनलाइन निगरानी में रखा जाता है। CBI ने साफ किया है कि भारतीय कानून में ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसा कोई कानूनी प्रावधान मौजूद नहीं है। अगर कोई व्यक्ति या एजेंसी आपको डिजिटल अरेस्ट की धमकी देती है, तो समझ जाइए कि यह फ्रॉड है।

ABHAY AI चैटबॉट कैसे करता है मदद?

यह चैटबॉट नागरिकों को CBI नोटिस की जांच करने में मदद करता है। फर्जी नोटिस और असली नोटिस में फर्क बताता है। साइबर फ्रॉड से जुड़ी जरूरी जानकारी देता है डिजिटल अरेस्ट जैसे स्कैम से सावधान करता है।

कैसे करें ABHAY का इस्तेमाल?

अगर आप ABHAY AI चैटबॉट का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसके लिए CBI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं फिर वेबसाइट के होमपेज पर दिखाई देने वाले ABHAY बैनर पर क्लिक करें। इसके बाद नया पेज खुलेगा जहां आप नोटिस वेरिफिकेशन और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

CBI ने लोगों को क्या चेतावनी दी?

CBI ने लोगों से अपील की है कि डिजिटल अरेस्ट जैसी किसी भी बात पर भरोसा न करें। जमानत या वेरिफिकेशन के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें। किसी संदिग्ध कॉल या नोटिस की तुरंत शिकायत करें। अगर आपके साथ ऐसा कोई फ्रॉड होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।

साइबर फ्रॉड से बचने के लिए क्या करें?

  • किसी अनजान व्यक्ति को OTP या बैंक डिटेल्स न दें।
  • सरकारी अधिकारी बनकर आने वाली वीडियो कॉल से सतर्क रहें।
  • किसी भी नोटिस को वेरिफाई किए बिना भरोसा न करें।
  • घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

CBI का ABHAY AI चैटबॉट लोगों को जागरूक करने और साइबर अपराध से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *