सोना-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, चांदी 17 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती

Knews Desk- सोने और चांदी की कीमतों में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और बाजार से जुड़े लोगों में हलचल देखी जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के दामों में तेज गिरावट आई है। सोना करीब 3000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक टूट गया, जबकि चांदी में लगभग 17,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक की गिरावट देखने को मिली।

सुबह के सत्र में ही बाजार में उतार-चढ़ाव शुरू हो गया था। करीब 11 बजे तक चांदी के दाम 13,667 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिरकर 2,77,435 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए थे। वहीं, 5 जून को एक्सपायर होने वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट में सोना 2,858 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 1,59,120 रुपये पर आ गया था। इसके बाद गिरावट का सिलसिला और तेज हो गया और कुछ ही समय में सोना 3000 रुपये से अधिक नीचे चला गया, जबकि चांदी में 17 हजार रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

इससे पहले सरकार द्वारा सोने और चांदी पर आयात शुल्क (इंपोर्ट ड्यूटी) में बदलाव किए जाने के बाद बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। 13 मई को एक ही दिन में सोने की कीमतों में लगभग 11,000 रुपये तक की तेजी आई थी, जबकि चांदी के भाव 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को भी पार कर गए थे। हालांकि, इसके बाद 14 मई को बाजार में अस्थिरता बनी रही और कीमतें लगातार ऊपर-नीचे होती रहीं। 15 मई को बाजार खुलते ही दोनों धातुओं में तेज गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, नीतिगत बदलाव और मुनाफावसूली (profit booking) इस गिरावट के प्रमुख कारण हो सकते हैं।

वहीं, रिटेल बाजार में भी इसका असर साफ दिखाई दिया। बुलियन डॉट कॉम के आंकड़ों के अनुसार, सोने की कीमत करीब 2,820 रुपये प्रति 10 ग्राम गिरकर 1,59,830 रुपये पर आ गई, जबकि चांदी 16,780 रुपये सस्ती होकर 2,74,980 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। देश के सभी प्रमुख शहरों में भी सोने-चांदी के दामों में गिरावट दर्ज की गई है।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *