डिजिटल डेस्क- गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। गुरुवार तड़के चोटीला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक डामर से भरे टैंकर और निजी लग्जरी बस के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद बस में भयंकर आग लग गई। इस हृदयविदारक हादसे में बस के भीतर फंसे चार यात्रियों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब डेढ़ बजे चोटीला-राजकोट नेशनल हाईवे पर संगाणी गांव के पास हुआ। एक निजी लग्जरी बस करीब 40 यात्रियों को लेकर अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी। चोटीला के पास सांगाणी गांव के नजदीक सड़क पर आगे चल रहे डामर से लदे एक टैंकर का टायर अचानक फट गया, जिससे टैंकर अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस टैंकर के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर के बाद आग का विकराल रूप
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत शॉर्ट सर्किट हो गया। टैंकर में भरा डामर और शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने आग में घी का काम किया और देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। बस के भीतर सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और बस के चालक दल की सूझबूझ से करीब 30 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि चार यात्री बस से बाहर नहीं निकल पाए और उन्होंने अंदर ही दम तोड़ दिया।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। अधिकारियों ने बताया कि चार यात्रियों की जलकर शिनाख्त करना भी मुश्किल हो गया था। 10 घायल यात्रियों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए राजकोट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटीला रेफरल अस्पताल भेजा गया है।