तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय ने ज्योतिषी को बनाया अपना ओएसडी, सटीक भविष्यवाणी करने पर मिला सियासी इनाम

डिजिटल डेस्क- तमिलनाडु की सत्ता पर काबिज होने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शपथ ग्रहण और कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने अपनी टीम का विस्तार करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में एक ऐसी नियुक्ति सामने आई है जिसने सबको चौंका दिया है। मुख्यमंत्री ने किसी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के बजाय अपने पारिवारिक ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को अपना विशेष कार्याधिकारी (OSD-राजनीतिक) नियुक्त किया है। तमिलनाडु सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, मशहूर ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने की तारीख से ही प्रभावी मानी जाएगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी सेवा की अन्य शर्तें और नियम बाद में घोषित किए जाएंगे। यह नियुक्ति मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार और रणनीतिकार के तौर पर एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सटीक भविष्यवाणी का ‘राजयोग’

ज्योतिषी रिकी राधन पंडित को इतने प्रभावशाली पद पर नियुक्त करने के पीछे एक दिलचस्प वजह सामने आई है। बताया जा रहा है कि पंडित वेट्रिवेल ने करीब एक साल पहले ही यह भविष्यवाणी कर दी थी कि जोसेफ विजय न केवल राजनीति में सफल होंगे, बल्कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भी बनेंगे। उनकी यह गणना शत-प्रतिशत सच साबित हुई। इसी अटूट विश्वास और भरोसे के चलते मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने सबसे करीबी प्रशासनिक घेरे (CMO) में जगह दी है।

विजय के ‘संकटमोचक’ रहे हैं रिकी राधन पंडित

राजनीतिक हलकों में रिकी राधन पंडित कोई नया नाम नहीं हैं। पिछले कुछ वर्षों में जब विजय ने फिल्मी पर्दे से विदा लेकर राजनीति की ऊबड़-खाबड़ जमीन पर कदम रखा, तो पंडित वेट्रिवेल हर मोड़ पर उनके साथ नजर आए। चाहे वह पार्टी का नाम तय करना हो या महत्वपूर्ण रैलियों का समय, विजय ने हमेशा उनके परामर्श को प्राथमिकता दी है। वे मुख्यमंत्री के एक भरोसेमंद साथी के रूप में पहचाने जाते रहे हैं।

OSD के तौर पर क्या होगी भूमिका?

सरकार में ओएसडी (राजनीतिक) का पद अत्यंत शक्तिशाली और प्रभावशाली माना जाता है, जिसकी जिम्मेदारी अब रिकी राधन पंडित के कंधों पर होगी। उनकी मुख्य भूमिका विभिन्न राजनीतिक दलों और अलग-अलग गुटों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने की होगी, ताकि सरकार की राजनीतिक पकड़ मजबूत बनी रहे। इसके साथ ही, वे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े सीधे और बेहद संवेदनशील कार्यों के प्रबंधन का जिम्मा भी संभालेंगे। रिकी राधन पंडित न केवल मुख्यमंत्री को रणनीतिक सलाह देंगे, बल्कि सरकार की छवि को लेकर जनता के बीच से मिलने वाले फीडबैक को भी साझा करेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से 12 मई को जारी एक विशेष नोट के बाद ही उनकी इस नियुक्ति प्रक्रिया को आधिकारिक रूप से पूरा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *