IPL 2026 के बीच सूर्यकुमार यादव बने पिता, घर आई नन्ही परी

KNEWS DESK- भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के घर खुशियों ने दस्तक दी है। उनकी पत्नी देविशा शेट्टी ने बेटी को जन्म दिया है। क्रिकेट मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज और 360 डिग्री बल्लेबाजी के लिए मशहूर सूर्यकुमार अब जिंदगी के एक नए और खास सफर की शुरुआत कर चुके हैं।

हाल ही में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। अब इस बड़ी उपलब्धि के बाद उनके परिवार में आई नई खुशी ने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है।

सूर्यकुमार यादव और देविशा शेट्टी की लव स्टोरी काफी दिलचस्प रही है। दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी। मुंबई में पढ़ाई के दौरान सूर्या पहली बार देविशा से मिले और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई।

देविशा को डांस का काफी शौक था और एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान सूर्यकुमार उन पर दिल हार बैठे थे। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने साल 2016 में शादी कर ली थी।

मार्च 2026 में देविशा शेट्टी के बेबी शॉवर का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। वीडियो में सूर्यकुमार और देविशा साथ नजर आए थे, जिसके बाद फैंस को उनकी प्रेग्नेंसी की जानकारी मिली थी।

अब बेटी के जन्म की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट जगत से लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने 10 मुकाबलों में सिर्फ 3 जीत दर्ज की हैं और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे आगामी मैचों में शानदार प्रदर्शन करना होगा।

मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रायपुर में खेला जाना है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सूर्यकुमार यादव टीम के साथ रायपुर नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह इस मुकाबले में हिस्सा नहीं लेंगे और फिलहाल परिवार के साथ समय बिताएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *