बिहारः तिलक समारोह से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों को ट्रक ने रौंदा, खुशियां मातम में बदलीं

डिजिटल डेस्क- बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां सोमवार की अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर काल बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने पांच लोगों की जिंदगी छीन ली। यह दर्दनाक हादसा दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के समीप हुआ। हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो एक तिलक समारोह की खुशियां मनाकर घर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही मौत ने उन्हें अपनी आगोश में ले लिया।

सड़क पर उतरते ही काल बनकर आया ट्रक

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 3:00 बजे हुआ। करगहर और मठिया गांव के रहने वाले लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग बस और पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। जैसे ही ये वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपने गांव मठिया के समीप पहुंचे, लोग वाहनों से नीचे उतरने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और बेहद तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बस और पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के पास खड़े लोग बीच में दब गए। पांच लोगों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

एक ही परिवार के उजड़े कई सुहाग और चिराग

हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और जैसे ही मृतकों की शिनाख्त हुई, पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में कोहराम मच गया। इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों में मठिया गांव निवासी अशोक सिंह शामिल हैं, जो होने वाली वधू के पिता थे। उनके साथ करगहर के भगवानपुर निवासी रामव्रत सिंह, पिंटू सिंह और रजनीश कुमार की भी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी की जा रही है। जिस घर में कल तक बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं और शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अचानक हुए इस वज्रपात ने हंसी-खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में इस दुखद घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

हादसे की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को मलबे से बाहर निकाला। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बाद में क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया ताकि यातायात सुचारु हो सके। पुलिस ने बताया कि तीनों वाहनों (बस, पिकअप और ट्रक) को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक चालक की लापरवाही और संभवतः तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण है। फिलहाल आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *