गर्मी में कोल्ड ड्रिंक और चिप्स का कॉम्बिनेशन क्यों है खतरनाक? आइये AIIMS एक्सपर्ट के जानें

Knews Desk-गर्मियों के मौसम में लोग अक्सर ठंडे पेय और पैकेज्ड स्नैक्स का सेवन ज्यादा करते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह आदत सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में AIIMS की चीफ डायटिशियन डॉ. परमीत कौर ने बताया है कि कोल्ड ड्रिंक के साथ चिप्स जैसे कॉम्बिनेशन शरीर में डिहाइड्रेशन बढ़ा सकते हैं और गर्मी के दौरान स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ा देते हैं।

क्या है वजह?

गर्मी के मौसम में शरीर को ज्यादा पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की जरूरत होती है, लेकिन कोल्ड ड्रिंक और नमकीन स्नैक्स इसका उल्टा असर डाल सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कोल्ड ड्रिंक में अधिक मात्रा में शुगर और कैफीन होती है, जो शरीर से पानी की कमी को बढ़ा सकती है। वहीं चिप्स में मौजूद अधिक नमक और ट्रांस फैट प्यास बढ़ाने के साथ-साथ शरीर में पानी की कमी को और गंभीर बना देते हैं। इस तरह यह कॉम्बिनेशन गर्मियों में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा सकता है।

डॉक्टरों का कहना है कि लोग अक्सर मानते हैं कि ठंडे पेय गर्मी में राहत देते हैं, लेकिन वास्तविकता में ये शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेट नहीं रखते। इसके विपरीत, ये पेय शरीर के मेटाबॉलिज्म और इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे कमजोरी, थकान और प्यास बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

AIIMS विशेषज्ञों के अनुसार

इस मौसम में सबसे अच्छा विकल्प प्राकृतिक और घरेलू पेय हैं जैसे नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस। ये शरीर को सही तरीके से हाइड्रेट करते हैं और जरूरी मिनरल्स की कमी को पूरा करते हैं। साथ ही तरबूज और खरबूज जैसे मौसमी फल भी शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने में मदद करते हैं। विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि पैकेज्ड स्नैक्स की जगह हल्के और पौष्टिक विकल्प अपनाने चाहिए। मखाने, फल और घरेलू पेय न केवल शरीर को ठंडक देते हैं बल्कि लंबे समय तक ऊर्जा भी बनाए रखते हैं। नियमित रूप से पर्याप्त पानी पीना भी बेहद जरूरी है, चाहे प्यास लगे या नहीं।

गर्मियों में खान-पान की छोटी-छोटी गलतियां शरीर पर बड़ा असर डाल सकती हैं। इसलिए कोल्ड ड्रिंक और चिप्स जैसे कॉम्बिनेशन से बचना चाहिए और प्राकृतिक व स्वस्थ विकल्पों को अपनाना चाहिए, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाव हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *