गाजियाबाद: गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, 9वीं से 12वीं मंजिल तक 8 फ्लैट जलकर खाक

KNEWS DESK- गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग 13 मंजिला इमारत की नौवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में तेजी से फैलते हुए 12वीं मंजिल तक पहुंच गई। इस हादसे में 9वीं से 12वीं मंजिल तक के करीब 8 फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि एक टावर से दूसरे टावर तक लपटें पहुंच गईं, जिससे आसपास के दो और फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए। हालांकि समय रहते सोसाइटी के लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए इमारत को खाली कर दिया, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के दौरान सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक निवासी सुनील, जिनका फ्लैट 12वीं मंजिल पर था, ने बताया कि वे उस समय दिल्ली में थे और फोन पर बच्चों के रोने की आवाज सुनकर स्थिति का अंदाजा लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसाइटी में आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब 20 से अधिक फायर टेंडर्स लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे। इसके अलावा एंबुलेंस और पुलिस बल भी मौके पर तैनात किए गए ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पूरी सोसाइटी को खाली करा लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *