डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए आज प्रचार का शोर थमने जा रहा है। प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की जनता के नाम एक बेहद भावुक और निजी चिट्ठी लिखी है। इस पत्र में पीएम ने चुनावी रैलियों के अनुभव को ‘तीर्थ यात्रा’ बताते हुए बंगाल के विकास और सुरक्षा के लिए ‘परिवर्तन’ का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र की शुरुआत बंगाल की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने लिखा कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान उन्हें जो अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसने उन्हें एक नई ऊर्जा से भर दिया है। पीएम ने कहा, “इतनी भीषण गर्मी और लगातार रैलियों के बावजूद, मुझे बंगाल के इस चुनाव में जरा भी थकान महसूस नहीं हुई। यहाँ की युवाशक्ति, नारीशक्ति, किसान और श्रमिक सभी ‘विकसित बंगाल’ के लिए संकल्पित नजर आ रहे हैं।”
रैलियों की तुलना ‘रामलला’ के अनुष्ठान से
पीएम मोदी ने इस चुनाव प्रचार को अपनी आध्यात्मिक यात्रा से जोड़ा। उन्होंने चिट्ठी में एक बड़ा खुलासा करते हुए लिखा, “जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले मैंने जो 11 दिनों का अनुष्ठान किया था, इस चुनाव प्रचार में भी मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है। बंगाल के रोड शो और रैलियां मेरे लिए किसी देवी मंदिर के दर्शन की तरह पवित्र और भक्तिपूर्ण रहे हैं।” प्रधानमंत्री ने आगे साझा किया कि वे रैलियों के बाद रात में तसल्ली से लोगों द्वारा दिए गए चित्रों और पत्रों को देखते हैं और उनके जवाब भी लिखवाते हैं। उन्होंने जनता के इस प्यार को अपने जीवन की ‘असली पूंजी’ बताया।
‘भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए’
पत्र के जरिए प्रधानमंत्री ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए परिवर्तन की अपील की। उन्होंने लिखा कि बंगाल का युवा अब आगे बढ़ने के लिए ‘खुला मैदान’ चाहता है और यहाँ की बेटियां ‘खुला आसमान’ और ‘सुरक्षा’ मांग रही हैं। पीएम ने कहा, “बंगाल का हर नागरिक अब एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है अब परिवर्तन करना है। भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए।”
बीजेपी का ‘विकसित बंगाल’ रोडमैप
पीएम ने अपनी चिट्ठी में इस बात पर जोर दिया कि बीजेपी के पास बंगाल के भविष्य के लिए एक स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने वादा किया कि बीजेपी की सरकार आने पर बंगाल को भ्रष्टाचार और हिंसा के चक्र से बाहर निकाला जाएगा और इसे देश के विकास का इंजन बनाया जाएगा। बता दें कि बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। इससे पहले पीएम मोदी समेत बीजेपी के तमाम दिग्गज नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब देखना यह होगा कि पीएम मोदी का यह भावनात्मक संवाद बंगाल के मतदाताओं के दिलों तक कितनी गहराई से उतरता है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।