डिजिटल डेस्क- प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक पिता ने अपने ही 18 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। इस घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। मृतक युवक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या का आरोप उसके पिता पप्पू जायसवाल पर है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
शक के चलते गयी बेटे की जान, इलाके में फैली सनसनी
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और गंभीर आरोपों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पिता को अपने बेटे और पत्नी के संबंधों को लेकर शक था। इसी शक के चलते पिता ने गुस्से में आकर अपने बेटे की जान ले ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस तरह के आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी और फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इलाके में इस वारदात के बाद सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस घटना को लेकर हैरान और स्तब्ध नजर आया।

एसीपी ने दी जानकारी
इस मामले में एसीपी निकिता श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि हत्या परिवार के ही सदस्य द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।