आप को फिर लगा बड़ा झटका, स्वाति मालीवाल ने थामा भाजपा का दामन, केजरीवाल पर लगाए गंभीर आरोप

डिजिटल डेस्क- दिल्ली की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। स्वाति मालीवाल ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी जॉइन करने का ऐलान कर दिया। आम आदमी पार्टी के साथ करीब दो दशक पुराना रिश्ता तोड़ते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीखे हमले किए। स्वाति मालीवाल का यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब एक दिन पहले ही राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के बीजेपी में शामिल होने की खबर सामने आई थी। राघव चड्ढा ने दावा किया था कि पार्टी के चार और सांसद जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं, जिनमें स्वाति मालीवाल का नाम भी शामिल था। अब उनके इस दावे पर मुहर लग गई है।

पीएम मोदी के नेतृत्व पर जताया भरोसा

बीजेपी में शामिल होने के बाद मालीवाल ने साफ किया कि उनका यह निर्णय किसी दबाव का नतीजा नहीं है, बल्कि उन्होंने यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उठाया है। उन्होंने कहा कि जो लोग “रचनात्मक राजनीति” करना चाहते हैं, उन्हें बीजेपी से जुड़ना चाहिए। इस दौरान स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मैं 2006 से केजरीवाल के साथ थी और उनके हर आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। लेकिन उन्होंने अपने ही घर में मुझे एक गुंडे से पिटवाया। जब मैंने आवाज उठाई, तो मुझे डराया-धमकाया गया और FIR वापस लेने का दबाव बनाया गया।” उन्होंने केजरीवाल को “महिला विरोधी” बताते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्हें संसद में बोलने का एक भी मौका नहीं दिया गया।

केंद्र सरकार की जमकर तारीफ की

मालीवाल ने केंद्र सरकार और बीजेपी नेतृत्व की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर केजरीवाल की पहचान “भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी” से जुड़ी है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों और महिला आरक्षण बिल को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के विकास और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि देश में नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौतियों से निपटने में सरकार ने निर्णायक भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *