14 साल बाद Sunita Ahuja के पैरों में गिरे कृष्णा अभिषेक, कश्मीरा शाह ने भी मांगी माफी

KNEWS DESK – टीवी रियलिटी शो के मंच पर कभी-कभी ऐसे पल बन जाते हैं, जो सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं बल्कि रिश्तों की गहराई को भी सामने ले आते हैं। कुछ ऐसा ही भावुक नज़ारा देखने को मिला Laughter Chefs Season 3 के हालिया एपिसोड में, जहां 14 साल पुरानी दूरियां एक पल में मिटती नजर आईं।

सेट पर माहौल सामान्य था, तभी अचानक एक आवाज गूंजी, “कृष्णा… कृष्णा…”। जैसे ही सबकी नजर दरवाजे की ओर गई, वहां Sunita Ahuja खड़ी थीं। यह वही पल था जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। Krishna Abhishek के चेहरे पर पहले हैरानी, फिर भावुकता और आखिर में राहत साफ झलक रही थी।

सुनीता को सामने देखकर कृष्णा और Kashmera Shah कुछ पलों के लिए बिल्कुल शांत हो गए। सेट पर मौजूद हर शख्स समझ गया कि यह सिर्फ एक मुलाकात नहीं, बल्कि सालों से दबे जज्बातों का विस्फोट है।

कुछ ही क्षणों में कृष्णा खुद को संभाल नहीं पाए और दौड़कर अपनी मामी के पास पहुंचे। वो उनके पैरों में गिर पड़े और भर्राई आवाज में बोले—“14 साल हो गए…”। यह सुनते ही माहौल और भी इमोशनल हो गया। सुनीता ने तुरंत उन्हें उठाया और गले से लगा लिया, जैसे बिछड़ा हुआ रिश्ता फिर से जुड़ गया हो।

यह नज़ारा देखकर कश्मीरा शाह की भी आंखें भर आईं। वह रोते हुए सुनीता के पास पहुंचीं, हाथ जोड़कर माफी मांगी और अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उनकी आवाज में पछतावा साफ महसूस हो रहा था। सुनीता ने बिना किसी हिचक के उन्हें माफ कर दिया, और फिर तीनों एक-दूसरे को गले लगाकर रो पड़े। उसी पल पुरानी कड़वाहट जैसे खत्म हो गई।

दरअसल, इस रिश्ते में आई दरार की शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी, जिसे सुनीता ने अपने परिवार पर तंज के रूप में लिया। धीरे-धीरे यह गलतफहमी बढ़ती गई और दूरी सालों तक कायम रही। कई बार इंटरव्यू में भी इस विवाद की झलक देखने को मिली, लेकिन कभी आमने-सामने बात नहीं हो पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *