डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने एक खुशहाल परिवार की जिंदगी पलभर में उजाड़ दी। दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए इस भीषण हादसे में पति-पत्नी, उनके इकलौते बेटे और दो चालकों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार गोरखपुर के खोराबार निवासी विनय श्रीवास्तव अपनी पत्नी अर्चना और 27 वर्षीय बेटे कृतार्थ के साथ बेटी की शादी में शामिल होने रांची गए थे। 20 अप्रैल को बेटी विमन्सा की शादी धूमधाम से संपन्न हुई थी। परिवार खुशियों के माहौल में डूबा हुआ था और शादी के बाद सभी रिश्तेदार धीरे-धीरे अपने-अपने घर लौट चुके थे। विनय श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ शनिवार को किराए की स्कार्पियो से गोरखपुर के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ वाहन चालक पुरुषोत्तम और सहायक चालक नितीश भी मौजूद थे। गाड़ी में परिवार का पालतू कुत्ता भी सवार था।
टक्कर इतनी भीषण कि स्कार्पियों हो गई चकनाचूर
लेकिन यह खुशियों भरा सफर कुछ ही घंटों में दर्दनाक हादसे में बदल गया। शनिवार रात करीब 2:30 बजे, जब वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर सन्नाटा पसरा हुआ था, तभी कुसुम्हा-बशारतपुर के पास स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर उछलकर दूसरी लेन में चला गया, जहां सामने से आ रहे एक भारी ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी। रेस्क्यू ऑपरेशन आसान नहीं था पुलिस को गैस कटर और ट्रैक्टर की मदद से गाड़ी को काटकर शवों को बाहर निकालना पड़ा। यह मंजर इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद गोरखपुर के रानीडीहा गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ दिन पहले बेटी की शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब सन्नाटा और शोक का माहौल है। वहीं रांची में भी, जहां से हाल ही में विदाई की रस्में पूरी हुई थीं, इस दुखद खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार या चालक को आई झपकी के कारण हुआ हो सकता है। हाईवे पर रात के समय लंबी दूरी तय करते वक्त ड्राइवर की थकान अक्सर ऐसे हादसों की वजह बनती है। डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच जाना इस बात का संकेत है कि वाहन नियंत्रण से बाहर हो चुका था।