टिहरी गढ़वाल में भीषण हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौत

डिजिटल डेस्क- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा चंबा-कोटी रोड पर नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग के पास हुआ, जहां एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। रास्ते में नैल के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी खाई में गिर गया। हादसे के समय गाड़ी में करीब 9 से 10 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों को जिंदा बचा लिया गया।

एसडीआरएफ ने शुरू किाय रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को बुलाया गया, जिसने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि, खाई की गहराई और दुर्गम इलाके के कारण राहत टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। घायलों को तत्काल निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है।

सीएम धामी ने जताया दुख

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र में वाहन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। संकरी और घुमावदार सड़कों पर जरा सी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन जाती है। स्थानीय लोग भी लंबे समय से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *