KNEWS DESK – दिल्ली में विकास कार्यों की रफ्तार और जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को अचानक आजादपुर इलाके का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक समेत आसपास के क्षेत्रों में चल रहे प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया और मौके पर ही अधिकारियों की क्लास लगा दी।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में देरी, अव्यवस्था और खराब सफाई व्यवस्था देखकर मुख्यमंत्री नाराज हो गईं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब विकास केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर नजर आना चाहिए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और काम तय समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स में गुणवत्ता, पारदर्शिता और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों की आवाजाही और सुविधाओं पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए।

ड्रेनेज और जलभराव की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री ने खास फोकस किया। उन्होंने आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में नए मास्टर प्लान के तहत नालों की डीसिल्टिंग और ड्रेनेज सिस्टम के पुनर्निर्माण के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
इसके अलावा, सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और फुटपाथों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ते तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही कूड़ा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों की सफाई को लेकर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आजादपुर मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। यह स्टेशन भविष्य में येलो, पिंक और मैजेंटा लाइन के बीच एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब बनने जा रहा है, जिससे उत्तर दिल्ली की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न हो और काम पूरा होते ही फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों को पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सीधे जिम्मेदारी तय की जाएगी।