डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) कैंपस के पास एक डॉक्टर के साथ कथित बदसलूकी और धमकी देने की घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपित छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पीड़ित डॉक्टर कुलवंत सिंह, जो अमरोहा के निवासी हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 14 अप्रैल को एएमयू कैंपस में अपनी एक मित्र छात्रा से मिलने आए थे। मुलाकात के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो छात्रों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
खुद को बताया एमटेक का छात्र और दी धमकी
डॉक्टर के मुताबिक, एक आरोपी ने खुद को एमटेक सेकेंड सेमेस्टर का छात्र बताया और गाली-गलौज करते हुए धमकियां देने लगा। आरोप है कि छात्रों ने न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि “यहां सिर्फ मुस्लिमों की चलती है” और “एएमयू छोटा पाकिस्तान है।” इसके साथ ही डॉक्टर को जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने यहां तक कहा कि “तुझे काटकर दफना देंगे, किसी को पता भी नहीं चलेगा।” खुद को घिरा हुआ महसूस करते हुए डॉक्टर ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई।
यूनिवर्सिटी की तरफ से नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक एमटेक और दूसरा बीटेक का छात्र है, जिनके नाम शहबाज और नजीब बताए जा रहे हैं। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस घटना के बाद एएमयू प्रशासन भी हरकत में आया। विश्वविद्यालय की प्रॉक्टर टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित डॉक्टर को प्रॉक्टर कार्यालय ले जाकर जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कुछ समय के लिए डॉक्टर का मोबाइल फोन भी अपने पास रखा गया था, हालांकि इस पर विश्वविद्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस पूरे मामले पर आदित्य बंसल एसपी अलीगढ़ ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।