केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियां तेज, फूलों से सजा केदारपुरी, 22 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा

KNEWS DESK- केदारनाथ धाम में चारधाम यात्रा से पहले धार्मिक उत्साह चरम पर पहुंच गया है। पूरा केदारपुरी क्षेत्र इन दिनों फूलों से सजाया जा रहा है और वातावरण में भक्तिभाव का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली अपने निर्धारित पड़ावों से आगे बढ़ते हुए लगातार धाम की ओर प्रस्थान कर रही है।

रविवार को फाटा में रात्रि विश्राम के बाद बाबा केदार की उत्सव डोली आज गौरीकुंड पहुंचेगी। गौरीकुंड में डोली के भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु डोली के दर्शन कर आस्था व्यक्त कर रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।

इसके बाद 21 अप्रैल को पंचमुखी उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। वहीं, 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे विधि-विधान और शुभ मुहूर्त के अनुसार केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आधिकारिक शुभारंभ माना जाता है।

केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य पंडित उमेश चंद्र पोस्ती ने बताया कि यात्रा की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है तथा प्रशासन और मंदिर समिति ने मिलकर विशेष इंतजाम किए हैं।

केदारपुरी में होटल, धर्मशालाएं और अन्य आवासीय व्यवस्थाएं भी सज-धज कर तैयार हो चुकी हैं। यात्रियों के ठहरने और भोजन की उचित व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपात सेवाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। बाबा केदार के दर्शन को लेकर भक्तों में गहरी आस्था और उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *