चारधाम यात्रा 2026 आज से शुरू, गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, आस्था और भक्ति का उमड़ा सैलाब…

KNEWS DESK- आज से उत्तराखंड की पवित्र Char Dham Yatra का विधिवत शुभारंभ हो गया है। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस शुभ शुरुआत के साथ ही हजारों श्रद्धालुओं में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर खोले गए, जबकि गंगोत्री धाम के कपाट 12 बजकर 15 मिनट के शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही दोनों धामों में “जय मां गंगा” और “जय मां यमुना” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

दोनों धामों में मंदिरों को कई क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से यात्रियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मार्गों पर होटल, दुकानें और अन्य सुविधाएं श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हैं।

यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन ने चारधाम यात्रा मार्ग को सुपरजोन, जोन और सेक्टर में बांटकर तैनाती की है। इसके अलावा 6 थाने, 9 रिपोर्टिंग चौकियां और कई अस्थायी पुलिस चौकियां भी सक्रिय की गई हैं।

सुरक्षा बलों में पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, एटीएस, बीडीएस और फायर टीमों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

यात्रियों की सेहत का ध्यान रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री मार्ग पर कई डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है। स्क्रीनिंग प्वाइंट पर मेडिकल टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी।

खरशाली (खुशिमठ) स्थित शीतकालीन गद्दी स्थल से मां यमुना की उत्सव डोली समेश्वर देवता की अगुवाई में यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां यमुना को विदाई दी। यह परंपरा हर साल आस्था और संस्कृति का अनोखा संगम प्रस्तुत करती है।

मुखबा गांव से मां गंगा की भोगमूर्ति डोली भी विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने फाफरे का भोग लगाकर मां गंगा को भावुक विदाई दी। आर्मी बैंड और देवडोली के साथ यह यात्रा पूरे धार्मिक उत्साह के साथ आगे बढ़ी।

चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही उत्तराखंड की वादियों में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के धामों में पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *