KNEWS DESK: नेपाल की राजनीति में इन दिनों एक नया और अलग तरह का चेहरा तेजी से चर्चा में है—बालेन शाह। अपने अनोखे अंदाज और जमीन से जुड़े कामों की वजह से वह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। कभी रैपर के तौर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले बालेन अब सत्ता में आकर उसी सिस्टम को सुधारने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह बिना किसी सुरक्षा घेरे या वीआईपी तामझाम के आम लोगों के बीच दिखाई देते हैं।
बालेन शाह का यह अंदाज लोगों को काफी हद तक नायक फिल्म की याद दिलाता है, जहां एक आम इंसान सत्ता में आकर सिस्टम को बदलने की कोशिश करता है। नेपाल में आमतौर पर नेताओं की छवि भारी सुरक्षा और दूरी बनाए रखने वाली रही है, लेकिन बालेन इस परंपरा को तोड़ते नजर आ रहे हैं। वह खुद सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हैं, लोगों से सीधे बातचीत करते हैं और मौके पर ही समस्याओं को समझने की कोशिश करते हैं।
उनके वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह कभी ई-रिक्शा चालकों से बातचीत करते हैं, तो कभी राह चलते लोगों से हाल-चाल पूछते हैं। बिना किसी गार्ड या बड़े काफिले के भीड़ के बीच मौजूद रहना उनकी खास पहचान बन गया है। यही सादगी और सीधे संवाद का तरीका युवाओं को खासा आकर्षित कर रहा है, जो लंबे समय से वीआईपी कल्चर के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं।
बालेन शाह का सफर भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। काठमांडू के मेयर के रूप में उन्होंने पहले ही सिस्टम की खामियों को उजागर किया था और अब बड़े स्तर पर जिम्मेदारी मिलने के बाद वह उसे सुधारने के लिए मैदान में सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनके पुराने रैप गाने, जिनमें भ्रष्टाचार के खिलाफ तीखी बातें होती थीं, आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं, लेकिन अब उनकी पहचान सिर्फ एक कलाकार की नहीं, बल्कि एक एक्टिव और जमीन से जुड़े नेता की बन चुकी है।
नेपाल में उभरती यह नई राजनीति न सिर्फ वहां के लोगों के बीच चर्चा का विषय है, बल्कि पड़ोसी देशों में भी इसे दिलचस्प नजर से देखा जा रहा है। बालेन शाह का यह अंदाज यह संकेत देता है कि आने वाले समय में राजनीति में सादगी, जवाबदेही और सीधे जनता से जुड़ाव को ज्यादा महत्व मिल सकता है।