KNEWS DESK – बॉलीवुड में इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प टक्कर देखने को मिलने वाली है। एक तरफ Akshay Kumar की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ रिलीज के लिए तैयार है, तो दूसरी ओर Ranveer Singh की ‘धुरंधर 2’ अब भी सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए हुए है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच स्क्रीन शेयरिंग को लेकर खींचतान तेज हो गई है।
‘भूत बंगला’ से बड़ी उम्मीदें
17 अप्रैल को रिलीज हो रही ‘भूत बंगला’ से मेकर्स और दर्शकों दोनों को काफी उम्मीदें हैं। खास बात यह है कि अक्षय कुमार लंबे समय बाद हॉरर-कॉमेडी जॉनर में वापसी कर रहे हैं, जिसे उन्होंने पहले भी हिट बनाया है। फिल्म के पेड प्रीव्यू 16 अप्रैल से ही शुरू कर दिए गए हैं, जिससे शुरुआती रिस्पॉन्स को लेकर उत्साह बना हुआ है।
फिल्म की रिलीज को पहले ही एक हफ्ते आगे बढ़ाया जा चुका है। इसके पीछे की वजह बॉक्स ऑफिस पर चल रही ‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त परफॉर्मेंस बताई जा रही है। करीब चार हफ्ते बाद भी यह फिल्म दर्शकों को थिएटर तक खींचने में सफल रही है।
‘धुरंधर 2’ बनी बड़ी चुनौती
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। इतना ही नहीं, फिल्म अब भी रोजाना करोड़ों का बिजनेस कर रही है। इसी को देखते हुए Jio Studios ने मांग की है कि सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में फिल्म को कम से कम 50% शोज दिए जाएं।
शो को लेकर खींचतान
दूसरी तरफ ‘भूत बंगला’ की डिस्ट्रीब्यूशन टीम भी पूरी ताकत से मैदान में है। उनका कहना है कि चार हफ्ते तक ‘धुरंधर 2’ को भरपूर मौके मिल चुके हैं, अब नई फिल्म को भी पर्याप्त स्क्रीन मिलनी चाहिए। पेड प्रीव्यू और एडवांस बुकिंग के आंकड़ों के आधार पर मेकर्स को भरोसा है कि ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
सबसे ज्यादा समस्या सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में देखने को मिल रही है, जहां अभी तक कई जगहों पर बुकिंग शुरू नहीं हुई है। वजह साफ है—दोनों फिल्मों के बीच शोज के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है।