KNEWS DESK – दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। इस बीच बॉलीवुड इंडस्ट्री भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में बदलाव कर रही है। इसी कड़ी में वरुण धवन की अपकमिंग फिल्म है जवानी तो इश्क होना है का फर्स्ट लुक रिलीज टाल दिया गया है।
एक दिन आगे बढ़ा फर्स्ट लुक
फिल्म का पहला लुक 13 अप्रैल को जारी होने वाला था, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन आशा भोसले के निधन के बाद मेकर्स ने इसे एक दिन के लिए टालने का फैसला लिया। अब फिल्म का फर्स्ट लुक 14 अप्रैल को रिलीज किया जाएगा।
मेकर्स ने जताया शोक
फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर कहा कि महान गायिका के सम्मान में यह फैसला लिया गया है। उन्होंने लिखा कि आशा भोसले की आवाज ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है, इसलिए उनके सम्मान में कुछ समय रुकना जरूरी है।
स्टारकास्ट और फिल्म की चर्चा
है जवानी तो इश्क होना है में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े नजर आने वाली हैं। ‘बॉर्डर 2’ के बाद यह फिल्म वरुण धवन के लिए खास मानी जा रही है, जिसमें वह रोमांटिक अंदाज में दिखेंगे।
सिर्फ यही नहीं, बल्कि धर्मा प्रोडक्शंस ने भी अपनी फिल्म चांद मेरा दिल के टाइटल ट्रैक की रिलीज को टाल दिया है। वहीं रितेश देशमुख की फिल्म राजा शिवाजी का एंथम ‘छत्रपति’ भी 13 अप्रैल को रिलीज होना था, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है।