आशा भोसले को अंतिम विदाई देते वक्त छलक पड़े सचिन तेंदुलकर के आंसू, भावुक वीडियो ने तोड़ा फैंस का दिल

डिजिटल डेस्क- भारतीय क्रिकेट के ‘भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सचिन तेंदुलकर महान गायिका आषा भोसले को अंतिम श्रद्धांजलि देते समय खुद को संभाल नहीं पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। यह दृश्य करोड़ों भारतीयों के लिए बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला साबित हुआ। रविवार को 92 वर्ष की आयु में आशा भोसले का निधन हो गया था। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने अंतिम सांस ली। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क में किया गया, जहां बड़ी संख्या में उनके चाहने वाले, फिल्मी हस्तियां और खेल जगत के दिग्गज मौजूद रहे।

पत्नी संग पहुंचे थे अंतिम दर्शन करने

सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ आशा भोसले के आवास पहुंचे, जहां अंतिम दर्शन के दौरान वह बेहद भावुक नजर आए। परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए सचिन बार-बार अपने आंसू पोंछते दिखे। यह पल कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह सिर्फ एक महान कलाकार को विदाई नहीं थी, बल्कि एक निजी और भावनात्मक रिश्ता भी था, जिसे सचिन तेंदुलकर ने वर्षों तक संजोया था। सचिन अक्सर यह बताते रहे हैं कि वह बचपन से ही आशा भोसले के गीत सुनते हुए बड़े हुए हैं। वहीं आशा भोसले भी सचिन को बेहद स्नेह और गर्व से देखती थीं। दोनों दिग्गजों के बीच एक गहरा आत्मीय संबंध था।

निधन पर एक्स पर पोस्ट की भावुक पोस्ट

हाल ही में आशा भोसले जामनगर में हुए एक पारिवारिक समारोह में भी शामिल हुई थीं, जिसे उनका अंतिम सार्वजनिक कार्यक्रम माना जा रहा है। इस वजह से भी उनके निधन की खबर ने सभी को और ज्यादा भावुक कर दिया। सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर भी एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “हमारे लिए आशा ताई परिवार जैसी थीं। आज जो दुख हम महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। एक पल दिल खामोश हो जाता है और अगले ही पल उनकी अनगिनत धुनों में खो जाता है। ऐसा लगता है जैसे समय थम गया हो, लेकिन उनके गीत हमेशा अमर रहेंगे।” सचिन के इस संदेश ने फैंस के दिलों को छू लिया है। लोग इस वीडियो और पोस्ट पर भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि यह पल दिखाता है कि महान लोग भी भावनाओं से जुड़े होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *