सचिन तेंदुलकर ने दी आशा ताई को श्रद्धांजलि, राजकीय सम्मान के साथ शाम होगी अंतिम विदाई

शिव शंकर सविता- भारतीय संगीत जगत को गहरा झटका देते हुए दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद खबर की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि उन्हें छाती में संक्रमण और अत्यधिक थकान के कारण शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को मल्टी-ऑर्गन फेलियर के चलते उनका निधन हो गया। आशा भोसले भारतीय सिनेमा की उन अमर आवाजों में शामिल थीं, जिन्होंने दशकों तक अपने गीतों से श्रोताओं के दिलों पर राज किया। वे महान गायिका लता मंगेश्कर की छोटी बहन थीं, और दोनों बहनों ने मिलकर भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

20 से अधिक भाषाओं में 12 हजार से अधिक गाने गाए

अपने लंबे और शानदार करियर में आशा भोसले ने 20 से अधिक भाषाओं में करीब 12 हजार गाने गाए। उनके गाए गीतों में “दम मारो दम”, “ये मेरा दिल” और “रमैया वस्तावैया” जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं, जो आज भी लोगों की जुबां पर बसे हुए हैं। उनकी आवाज की बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें हर पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाए रखा। संगीत के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण सहित कई पुरस्कारों से नवाजा गया। उनकी गायकी में शास्त्रीय, पॉप, ग़ज़ल और फिल्मी संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलता था। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सोमवार (13 अप्रैल) सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनके लोअर परेल स्थित आवास ‘कासा ग्रांडे’ में अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर रखा गया। इसके बाद शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर

आशा भोसले के निधन की खबर मिलते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीति, खेल और फिल्म जगत से जुड़े कई बड़े नामों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने आशा ताई को याद करते हुए कहा कि उनकी आवाज हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी। बॉलीवुड सितारों और संगीत प्रेमियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। हर कोई इस बात को स्वीकार कर रहा है कि भारतीय संगीत ने आज अपनी एक अनमोल धरोहर खो दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *