डिजिटल डेस्क- भारत की महान पार्श्व गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देश ही नहीं, दुनियाभर के संगीत प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि उन्हें शनिवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा। आशा भोसले के निधन पर खेल और फिल्म जगत समेत तमाम हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा कि “आशा ताई हमारे परिवार की तरह थीं। आज जो खालीपन महसूस हो रहा है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उनकी आवाज और उनके गीत हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।” सचिन ने आगे कहा कि आशा भोसले ने अपने संगीत से हर किसी के जीवन को खास बनाया।
विराट कोहली ने इंस्टाग्राम के माध्यम से दी श्रद्धांज
वहीं, भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे, आशा भोसले जी। आपकी आवाज ने लाखों दिलों को छुआ है और यह हमेशा जीवित रहेगी। ओम शांति।” आशा भोसले का संगीत सफर बेहद लंबा और गौरवशाली रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 1943 में मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने करीब सात दशक लंबे करियर में उन्होंने 12 हजार से अधिक गाने गाए और हर दौर के संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया।
2020 में दा साहब फाल्के पुरस्कार से हुईं थी सम्मानित
उन्होंने भारतीय संगीत जगत के दिग्गज संगीतकारों के साथ काम किया, जिनमें शंकर-जयकिशन, आरडी बर्मन, ओपी नैय्यर, बप्पी लाहिड़ी, इलैयाराजा और एआर रहमान जैसे बड़े नाम शामिल हैं। उनकी आवाज में विविधता और भावनाओं की गहराई ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई। आशा भोसले को उनके असाधारण योगदान के लिए कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्हें पद्म विभूषण जैसे देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया, वहीं साल 2020 में उन्हें भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।