सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के सभी क्षेत्रों में कार्य कर रही प्रदेश सरकार- मुख्यमंत्री मोहन यादव

KNEWS DESK- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के सभी क्षेत्रों में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ- सबका विकास के सिद्धांत पर जनकल्याणकारी कार्यों की गति बढ़ाई है। मध्यप्रदेश में भी आम जनता के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव तात्या टोपे नगर स्थित दशहरा मैदान में महानगर मेला उत्सव समिति के भारतीय नव वर्ष के अवसर आयोजित मेले को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेलों से जहां मेल- मिलाप बढ़ता है वहीं लघु व्यवसायियों और उपभोक्ताओं को बाजार भी उपलब्ध होता है। नागरिकों को उनकी आवश्यकता की वस्तुएं एक स्थान पर उपलब्ध हो जाती हैं और बच्चों सहित सभी को झूलों और मनोरंजन के साधनों का आनंद भी मिलता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजधानी भोपाल में जहां शीतकाल में इस तरह के मेले आयोजित होते हैं। वहीं ग्रीष्मकाल में भी ऐसे आयोजन का विशेष महत्व है इसके लिए आयोजन समिति अभिनंदन की पात्र है। भारतीय नव वर्ष अपने साथ अनेक त्योहार लेकर आता है। यह सिर्फ ऋतु परिवर्तन का अवसर नहीं है बल्कि नए अनाज के आने और जीवन में उमंग तथा उल्लास के आगमन का भी अवसर होता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेलों में स्वदेशी उत्पादों की बिक्री व्यवस्था भी की जानी चाहिए। इससे स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीअन्न (मोटा अनाज) के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया है। मध्यप्रदेश सरकार ने श्रीअन्न के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिये रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना भी लागू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *