शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। सदर थाना क्षेत्र में एक पिता अपनी मृत बेटी के शव के साथ करीब पांच महीने तक एक ही कमरे में रहता रहा। इतना ही नहीं, वह रोजाना परफ्यूम छिड़ककर शव से उठने वाली बदबू को दबाने की कोशिश करता रहा, ताकि किसी को इस भयावह सच्चाई की भनक न लगे। मृतक युवती की पहचान प्रियंका बिस्वास के रूप में हुई है, जो पेशे से एक शिक्षिका थी। वह अपने पिता उदय भानु बिस्वास के साथ रहती थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रियंका की मौत करीब पांच महीने पहले हो चुकी थी, लेकिन उसके पिता ने इस बात को पूरी तरह छिपाए रखा। जब पुलिस घर पहुंची तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था शव पूरी तरह सड़ चुका था और केवल कंकाल ही बचा था।
लंबे समय से संपर्कविहीन रही प्रियंका के रिश्तेदारों ने दी पुलिस को सूचना
पुलिस को इस मामले की सूचना डायल 112 के जरिए मिली। दरअसल, लंबे समय से प्रियंका के रिश्तेदार उससे संपर्क नहीं कर पा रहे थे। जब भी वे उसके बारे में पूछते, पिता उदय भानु अलग-अलग बहाने बनाकर कहता कि प्रियंका देहरादून में नौकरी कर रही है। लेकिन लगातार टालमटोल जवाब मिलने से रिश्तेदारों को शक होने लगा। शुक्रवार शाम प्रियंका का चचेरा भाई समेत कुछ रिश्तेदार अचानक उसके घर पहुंच गए और सख्ती से पूछताछ की। पहले तो उदय भानु ने बात टालने की कोशिश की, लेकिन दबाव बढ़ने पर उसने सच कबूल कर लिया कि उसकी बेटी की मौत हो चुकी है और उसका शव घर के अंदर ही रखा है। यह सुनते ही रिश्तेदारों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
शव की हालत इतनी बुरी कि पहचान पाना भी था मुश्किल
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। शव इतनी बुरी हालत में था कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। घर से कई परफ्यूम की बोतलें बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल बदबू को छुपाने के लिए किया जा रहा था। पूछताछ में उदय भानु ने बताया कि वह अपनी बेटी के शव के साथ ही सोता था। उसने यह भी कहा कि बेटी की मौत किसी बीमारी के कारण हुई थी। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह कुछ समय के लिए हरिद्वार भी गया था और लौटने पर शव पूरी तरह गल चुका था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। डिप्टी एसपी नवीन शुक्ला के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।