डिजिटल डेस्क- पेरिस कैटाकॉम्ब्स एक बार फिर चर्चा में है। फ्रांस की राजधानी पेरिस की चमचमाती सड़कों के नीचे छिपी यह रहस्यमयी दुनिया हाल ही में मरम्मत और आधुनिकीकरण के बाद दोबारा पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। नई लाइटिंग और बेहतर वेंटिलेशन सिस्टम के साथ अब यह ऐतिहासिक स्थल पहले से ज्यादा सुरक्षित, लेकिन उतना ही डरावना और रहस्यमयी दिखाई देता है। यह कैटाकॉम्ब्स दुनिया के सबसे बड़े अंडरग्राउंड कब्रिस्तानों में से एक है, जहां करीब 60 लाख लोगों के अवशेष खोपड़ियां और हड्डियां सजाकर रखी गई हैं। इन हड्डियों को सिर्फ जमा नहीं किया गया, बल्कि दीवारों और गलियारों के रूप में बेहद व्यवस्थित और कलात्मक ढंग से सजाया गया है, जो इस जगह को एक अनोखा और खौफनाक रूप देता है।
अजीबोगरीब जगह की शुरुआत 18वीं सदी में मानी जा रही
इस अजीबोगरीब जगह की शुरुआत 18वीं सदी में हुई थी। उस समय पेरिस के कब्रिस्तान पूरी तरह भर चुके थे और शहर में सड़ांध व बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा था। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि प्रशासन को एक बड़ा फैसला लेना पड़ा। वर्ष 1786 से पुराने कब्रिस्तानों से शवों को निकालकर शहर के नीचे मौजूद पुरानी चूना पत्थर की खदानों में शिफ्ट करना शुरू किया गया। यही खदानें आगे चलकर “कैटाकॉम्ब्स” के नाम से मशहूर हो गईं। समय के साथ यह जगह सिर्फ एक कब्रिस्तान नहीं रही, बल्कि एक ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल बन गई। 19वीं सदी में यहां हड्डियों को सजाने का काम किया गया और कुछ जगहों पर दार्शनिक उद्धरण भी लिखे गए, जिससे यह स्थान और भी रहस्यमयी बन गया। यहां का माहौल ऐसा है जैसे कोई व्यक्ति किसी हॉरर फिल्म या गॉथिक कहानी के भीतर प्रवेश कर गया हो।
डार्क टूरिज्म करने वालों को भा रही है ये जगह
हालांकि, इस जगह को समय-समय पर बंद भी करना पड़ा। कैटाकॉम्ब्स के भीतर लगभग 90 प्रतिशत तक नमी रहती है, जिससे हड्डियों के खराब होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा हर साल लाखों पर्यटकों के आने से कार्बन डाइऑक्साइड और बैक्टीरिया का स्तर भी बढ़ जाता है। इन्हीं कारणों से इसे कुछ महीनों के लिए बंद कर मरम्मत और संरक्षण कार्य किया गया। अब इसे आधुनिक तकनीक के साथ फिर से खोला गया है, ताकि इसकी ऐतिहासिक विरासत को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके। इस बदलाव के बाद पर्यटकों की दिलचस्पी और भी बढ़ गई है। आज के दौर में “डार्क टूरिज्म” का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है, जहां लोग इतिहास, रहस्य और मौत से जुड़ी जगहों को देखने के लिए उत्सुक रहते हैं। पेरिस कैटाकॉम्ब्स इसी ट्रेंड का एक बड़ा उदाहरण बन चुका है।