KNEWS DESK – डायरेक्टर S. S. Rajamouli की अगली मेगा फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है। 1200-1300 करोड़ के भारी-भरकम बजट के साथ बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिनी जा रही है। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट पर काम जारी है और अब धीरे-धीरे इससे जुड़े दिलचस्प अपडेट सामने आने लगे हैं।
फिल्म में Mahesh Babu, Priyanka Chopra और Prithviraj Sukumaran जैसे बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। वहीं, Prakash Raj भी फिल्म में महाशिव भक्त के खास किरदार में दिखाई देंगे।
कहानी में धोखे का बड़ा ट्विस्ट
फिल्म को लेकर जो नई जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक कहानी की शुरुआत ‘वाराणसी’ की पवित्र भूमि से होती है। यहीं से प्लॉट में बड़ा ट्विस्ट आता है, जब महेश बाबू के सबसे करीबी साथी ही उन्हें धोखा दे देते हैं। बताया जा रहा है कि इस इमोशनल धोखे को राजामौली ने बेहद गहराई से दिखाया है, ताकि दर्शक कहानी से जुड़ सकें।
इस घटना के बाद फिल्म एक इंटरनेशनल एडवेंचर में बदल जाती है, जिसका बैकग्राउंड अफ्रीकी जंगल है। यानी भारतीय पौराणिक तत्वों और ग्लोबल एडवेंचर का अनोखा मेल इस फिल्म में देखने को मिलेगा।
कौन है असली विलेन?
फिलहाल फिल्म में विलेन के तौर पर पृथ्वीराज सुकुमारन का नाम सामने आया है। लेकिन दिलचस्प बात ये है कि उनका किरदार शुरू से दुश्मन रहेगा या दोस्त बनकर धोखा देगा, यह अभी साफ नहीं है। वहीं, प्रियंका चोपड़ा का रोल भी नेगेटिव शेड वाला बताया जा रहा है, जिसमें वह एक डकैत के रूप में नजर आ सकती हैं।
राजामौली पहले ही बता चुके हैं कि फिल्म में ‘रामायण’ का एक पूरा एपिसोड दिखाया जाएगा। यही नहीं, फिल्म में एक स्पेशल गाने की भी चर्चा है, जिसके लिए किसी बड़ी बॉलीवुड एक्ट्रेस की एंट्री हो सकती है, हालांकि नाम अभी सामने नहीं आया है।