KNEWS DESK – देश के तीन अहम क्षेत्रों Assam, Kerala और Puducherry में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से शाम 6 बजे समाप्त हो गई। चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम 5 बजे तक असम में 84.42%, केरल में 75.01% और पुडुचेरी में 86.92% मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं के उत्साह को दर्शाता है।
हालांकि, असम में कुछ जगहों पर हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। श्रीभूमि जिले के पथारकंडी इलाके में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसमें करीब 25 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
वहीं, पुडुचेरी के मन्नादिपेट इलाके में भी मतदान के दौरान तनाव देखने को मिला, जहां कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस बीच पुडुचेरी के मुख्यमंत्री N. Rangaswamy का अनोखा अंदाज भी चर्चा में रहा वह वोट डालने के लिए बाइक से पोलिंग बूथ पहुंचे।
केरल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व रक्षा मंत्री A. K. Antony ने तिरुवनंतपुरम में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं असम के मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma ने मतदान से पहले गुवाहाटी स्थित Kamakhya Temple में पूजा-अर्चना की और फिर पत्नी के साथ जालुकबाड़ी में वोट डाला।
चुनावी आंकड़ों की बात करें तो असम की 126 सीटों पर 41 राजनीतिक दलों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। केरल में 140 सीटों के लिए करीब 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। वहीं पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए वोटिंग हुई।
इस चुनाव में कई दिलचस्प पहलू भी सामने आए हैं। केरल में करीब 70 साल के इतिहास में पहली बार कोई मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार यानी हैट्रिक बनाने की कोशिश कर रहा है। वहीं असम में बीजेपी Himanta Biswa Sarma के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है। पुडुचेरी में N. Rangaswamy पांचवीं बार सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।