मुरादाबाद में AIMIM का हमला, बोले शादाब चौहान- 111 विधायक खामोश, हम आंख में आंख डालकर बात करेंगे

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आयोजित AIMIM की अहम बैठक में पार्टी नेताओं ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के हालिया विवादित बयान पर सफाई देते हुए पार्टी नेता शादाब चौहान ने कहा कि बयान का संदर्भ अलग हो सकता है, लेकिन उनका मकसद साफ है सदन में बैठे विपक्ष की “खामोशी” को उजागर करना। शादाब चौहान ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में मौजूद 111 विपक्षी विधायक जनता के अहम मुद्दों पर पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग की घटनाएं हों, कुरैशी समाज पर हमले हों या वक्फ संपत्तियों और धार्मिक स्थलों से जुड़े विवाद इन सभी मामलों में विपक्षी विधायकों ने कोई ठोस आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा, “अगर हमारी पार्टी के 11 विधायक भी सदन में पहुंचते हैं, तो हम मुख्यमंत्री की आंख में आंख डालकर बात करेंगे। हम डरने वालों में से नहीं हैं।”

2027 के चुनाव पर स्पष्ट की रणनीति

बैठक के दौरान पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति भी साफ कर दी। शादाब ने बताया कि AIMIM ने अब तक करीब 50 लाख सदस्य जोड़ लिए हैं और अब बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जून महीने से पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के प्रदेश दौरे शुरू होंगे, जिसके साथ ही चुनावी माहौल को धार दी जाएगी। समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए शादाब चौहान ने तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “क्या मुस्लिम समाज सपा का बंधक बन गया है? क्या उनके वोटों पर किसी एक पार्टी का हक है?” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के पास मुस्लिम समाज को नेतृत्व देने के लिए “बड़ा दिल” नहीं है।

सपा भाजपा की मददगार पार्टी की तरह काम करती है- शादाब चौहान

शादाब ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी पर कभी सख्त कार्रवाई नहीं होती, क्योंकि वह भारतीय जनता पार्टी की “मददगार” की तरह काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इस “सियासी गुलामी” को समझने लगी है और बदलाव चाहती है। मुरादाबाद और रामपुर के मौजूदा सांसदों पर भी निशाना साधते हुए शादाब ने उन्हें “मैच फिक्सिंग” का खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि जनता के वोट लेकर नेता सिर्फ दिखावा कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। एम्स अस्पताल जैसे मुद्दों को भी उन्होंने “सिर्फ ड्रामा” करार दिया।

200 सीटों पर बूथ कमेटियां तैयार

पार्टी की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि AIMIM ने करीब 200 सीटों पर बूथ कमेटियां तैयार कर ली हैं और लगातार नए उम्मीदवारों के आवेदन मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कई बड़े नेता पार्टी के संपर्क में हैं और आने वाले समय में संगठन और मजबूत होगा। अंत में शादाब चौहान ने कहा कि AIMIM का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि एक ऐसा सामाजिक गठबंधन तैयार करना है जिसमें दलित, मुस्लिम और अन्य वंचित वर्ग एकजुट हों। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *