KNEWS DESK- मध्य प्रदेश के धार में 7 अप्रैल की रात एक सनसनीखेज हत्या सामने आई है। 60 किलोमीटर दूर गोंदीखेड़ा चारण गांव में मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया कि देवकृष्ण की पत्नी प्रियंका पुरोहित ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर यह जघन्य अपराध किया था।
घटना वाली रात प्रियंका ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और उनके पति की हत्या कर दी, साथ ही सोने-चांदी के गहने और नकदी लूट ली। घर का बिखरा सामान पहली नजर में लूट की वारदात का संकेत देता था।
हालांकि, धार एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में ASP पारुल बेलापुरकर और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार की टीम ने जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद के साथ साइबर सेल ने प्रियंका के कॉल रिकॉर्ड्स की पड़ताल की। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में प्रियंका टूट गई और उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि प्रियंका का राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित से प्रेम संबंध था। पति को रास्ते से हटाने के लिए कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र भाटी को 1 लाख रुपये की सुपारी दी। वारदात के बाद घर को लूट का रूप देने के लिए सामान बिखेरा गया।
परिवार का कहना है कि 11 साल पहले शादी हुई थी और 2021 में गौना हुआ था, लेकिन प्रियंका घर में सही से नहीं रहती थी। मोबाइल चलाने की आदत और मायके भाग जाने की वजह से अक्सर विवाद होते रहते थे।
पुलिस ने प्रियंका और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सुपारी लेने वाला सह-आरोपी सुरेंद्र अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। मृतक परिवार ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।