डिजिटल डेस्क- बॉलीवुड फिल्म स्पेशल 26 की कहानी तो आपको याद ही होगी, जिसमें अक्षय कुमार फर्जी सीबीआई अफसर बनकर अमीरों के यहां नकली छापेमारी कर करोड़ों की ठगी करता है। अब ठीक उसी अंदाज में एक चौंकाने वाला असली मामला महाराष्ट्र के नासिक से सामने आया है, जहां खुद को बाबा बताने वाला अशोक खरात लोगों के लिए खौफ और ठगी का दूसरा नाम बन चुका है। सूत्रों के अनुसार, अशोक खरात, जिसे लोग ‘भोंदू बाबा’ के नाम से जानते हैं, अपने प्रभाव और संपर्कों का इस्तेमाल कर खासकर बड़े कारोबारियों को निशाना बनाता था। वह पहले उनकी कथित काली कमाई की जानकारी जुटाता और फिर उसी आधार पर उनके ठिकानों पर फर्जी आयकर छापे डलवाता था। इन ‘रेड’ में शामिल लोग खुद को अधिकारी बताकर पहुंचते, डर का माहौल बनाते और फिर मामला रफा-दफा करने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। इस पूरे खेल के जरिए करोड़ों रुपये की उगाही किए जाने की बात सामने आ रही है।
यौन शोषण की 11 शिकायतें दर्ज
लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं होता। इस कथित बाबा पर महिलाओं के शोषण के भी गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक 11 और महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई है, जिससे कुल पीड़िताओं की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि अशोक खरात उन्हें पूजा-पाठ, मानसिक शांति और समस्याओं के समाधान का झांसा देकर अपने पास बुलाता था। इसके बाद वह मानसिक दबाव और डर का माहौल बनाकर उनका शोषण करता था। कई महिलाओं ने यह भी बताया कि अंधविश्वास और बदनामी के डर से उन्हें लंबे समय तक चुप रहने के लिए मजबूर किया गया। जैसे-जैसे महिलाएं सामने आ रही हैं, इस पूरे नेटवर्क की परतें खुलती जा रही हैं। अब तक इस मामले में 12 अलग-अलग केस दर्ज किए जा चुके हैं और पुलिस के साथ-साथ विशेष जांच दल (SIT) भी गहराई से जांच में जुटा है।
ईडी मामले को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से देख रही
इस बीच, मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री ने जांच को और गंभीर बना दिया है। ईडी अब इस पूरे प्रकरण को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से देख रही है। टीम ने अशोक खरात की चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है और उसके वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि शिरडी और नासिक की कई क्रेडिट सोसायटियों में फर्जी खातों के जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ। इन खातों में अशोक खरात का मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया गया था, जिससे इस रैकेट के संगठित और बड़े नेटवर्क होने के संकेत मिलते हैं।