कानपुर में अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- ‘PDA वोट काट रही सरकार, लाल टोपी वाले ही बदलेंगे हालात’

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। वह अपने पूर्व सुरक्षा कर्मी स्वर्गीय लाला पहलवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान उन्होंने मौजूदा सरकार और कई मुद्दों पर खुलकर बयान दिए। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार “PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक)” वोटों को बांटने और काटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी ने “PDA प्रहरी” बनाए हैं, ताकि समाज के इन वर्गों के अधिकारों की रक्षा की जा सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा के लोग बहुत बड़े कलाकार हैं, लेकिन जनता अब उनकी सच्चाई समझ चुकी है।

बाबा साहेब की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने भाजपा के लोग आगे रहे हैं- अखिलेश यादव

उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहेब की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने में भी बीजेपी के लोग आगे रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि कानपुर मेट्रो और पनकी पावर हाउस जैसी परियोजनाएं समाजवादी पार्टी की देन हैं, जिनका श्रेय वर्तमान सरकार लेने की कोशिश कर रही है। कानपुर की ऐतिहासिक “लाल इमली” मिल का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि भविष्य में “लाल टोपी वाले” ही इस मिल को फिर से चालू करवाएंगे। उन्होंने प्रदेश की बदहाल नदियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार ने नदियों को साफ करने का संकल्प लिया था, लेकिन आज उनकी स्थिति बेहद खराब है। अपने भाषण में उन्होंने हाल ही में सामने आए किडनी ट्रांसप्लांट मामले का जिक्र करते हुए तंज कसा “पहले कालीन भाई और कोडीन भाई सुनते थे, अब कानपुर में ‘किडनी भाई’ भी मिल गए हैं।” उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में घोटाले इस स्तर तक पहुंच गए हैं कि “किडनी तक निकाल ली जा रही है।”

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उठाया सवाल

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि जब सरकार खुद ही कमीशन लेगी, तो काम की गुणवत्ता कैसे बेहतर हो सकती है। उन्होंने प्रदेश की स्थिति की तुलना फिल्म से करते हुए कहा कि “यूपी में बनी फिल्म रिलीज से पहले ही फ्लॉप हो गई।” राजनीतिक माहौल पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने “धुआंधार” और “गांजा गंज” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर सरकार पर व्यंग्य किया। इसके अलावा उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए और कहा कि “चीफ इलेक्शन कमिश्नर बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं।” पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग हस्तक्षेप न करे, तो वहां भयमुक्त, हिंसामुक्त और प्रलोभन रहित चुनाव संभव हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *