KNEWS DESK – Mumbai के माटुंगा स्थित रेलवे वर्कशॉप में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग एक एसी LHB Sleeper Coach में लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और दूर-दूर तक धुआं फैल गया।
वेल्डिंग के दौरान भड़की आग
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कोच के टॉयलेट एरिया में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी पास रखे ज्वलनशील सामान पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। तेज हवा के चलते लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते कोच आग की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
70% कोच जलकर खाक
आग में कोच का ऊपरी हिस्सा करीब 70 प्रतिशत तक जल गया, जबकि नीचे लगे अंडरस्लंग उपकरण सुरक्षित बताए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों की सतर्कता के चलते आग लगते ही कोच को तुरंत वर्कशॉप से बाहर खुले क्षेत्र में ले जाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
समय रहते उठाए गए कदम
अधिकारियों ने तुरंत आसपास खड़े अन्य कोचों को अलग कराया और ज्वलनशील सामान हटाया गया। इसी तेजी और सतर्कता की वजह से आग वर्कशॉप के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी।
यह पहली बार नहीं है जब माटुंगा वर्कशॉप में आग लगी हो। इससे पहले 2016 में भी यहां एक मालवाहक डिब्बे में आग लग चुकी है, जिसे बुझाने में कई घंटे लगे थे।