डिजिटल डेस्क- वैश्विक राजनीति में एक अहम बदलाव देखने को मिला है, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को लेकर अपने रुख में नरमी दिखाई है। पहले जहां ट्रंप कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात करते थे, वहीं अब उन्होंने साफ किया है कि ऐसा करना न तो व्यावहारिक है और न ही संभव। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका कनाडा पर किसी तरह का हमला नहीं करेगा। ट्रंप ने यह बयान अपने बायोग्राफर रॉबर्ट हार्डमैन के साथ बातचीत में दिया। यह इंटरव्यू ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय पर लिखी जा रही नई किताब के सिलसिले में लिया गया था। इस दौरान ट्रंप ने कनाडा की ऐतिहासिक पहचान और उसकी स्वतंत्रता को स्वीकार करते हुए कहा कि 200 साल पुरानी परंपराओं वाले देश को कुछ ही वर्षों में बदलना संभव नहीं है। ट्रंप के इस बदले हुए रुख को अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है, खासकर ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बाद। माना जा रहा है कि वैश्विक दबाव और कूटनीतिक समीकरणों के चलते ट्रंप अब अपने पुराने बयानों से पीछे हटते नजर आ रहे हैं।
पिछले साल सार्वजनिक मंचों से कनाडा को अमेरिका में मिलाने की बात कह चुके हैं ट्रंप
गौरतलब है कि पिछले साल ट्रंप कई बार सार्वजनिक मंचों पर कह चुके थे कि वह कनाडा को अमेरिका में शामिल करना चाहते हैं। उन्होंने तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पर भी तीखे हमले किए थे। ट्रंप का दावा था कि अगर कनाडा अमेरिका का हिस्सा बनता है, तो वहां के नागरिकों को कम टैक्स और बेहतर सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने एक एआई जनरेटेड तस्वीर भी साझा की थी, जिसमें कनाडा को अमेरिकी झंडे के रंग में दिखाया गया था। हालांकि, इन बयानों के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी प्रतिक्रिया हुई थी। इसी बीच ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स III ने कनाडा का दौरा किया और वहां संसद में अपने संबोधन के दौरान कनाडा को एक मजबूत और स्वतंत्र राष्ट्र बताया। इस दौरे के बाद ट्रंप के सुर में बदलाव साफ तौर पर देखा गया।
महीने के अंत में किंग चार्ल्स III पत्नी समेत कर सकते हा अमेरिका का दौरा
अपने हालिया इंटरव्यू में ट्रंप ने किंग चार्ल्स III की तारीफ भी की। उन्होंने उन्हें एक अच्छा और मजबूत नेता बताया और खासतौर पर उनके कैंसर से लड़ने के साहस की सराहना की। ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि पिछले कुछ वर्षों में किंग चार्ल्स के व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महीने के अंत में किंग चार्ल्स III और उनकी पत्नी अमेरिका का दौरा करेंगे। इस दौरान वे व्हाइट हाउस के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और अमेरिकी संसद को भी संबोधित कर सकते हैं। इस दौरे को अमेरिका और ब्रिटेन के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।