KNEWS DESK – बॉलीवुड की मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका नया गाना नहीं बल्कि उनका नया घर है। सिंगर ने मुंबई के पॉश इलाके वर्ली में एक शानदार लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा है, जिसकी कीमत जानकर हर कोई हैरान रह गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रेया घोषाल ने यह प्रॉपर्टी अपने माता-पिता शमिष्ठा घोषाल और बिस्वजीत घोषाल के साथ मिलकर खरीदी है। इस आलीशान अपार्टमेंट की कुल कीमत करीब 29.70 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह लग्जरी अपार्टमेंट वर्ली में स्थित प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट गोदरेज ट्रिलॉजी का हिस्सा है। प्रॉपर्टी के दस्तावेजों के अनुसार, इस अपार्टमेंट का कारपेट एरिया लगभग 2,430 स्क्वायर फुट है, जबकि कुल एरिया 2,750 स्क्वायर फुट के करीब है। इसके साथ तीन कार पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं।
इस प्रॉपर्टी के लिए श्रेया घोषाल ने करीब 1.78 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी और 30 हजार रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस चुकाई है। बताया जा रहा है कि इस डील का रजिस्ट्रेशन 1 अप्रैल 2026 को पूरा हुआ।
गौरतलब है कि वर्ली मुंबई के सबसे प्रीमियम और डिमांड वाले इलाकों में गिना जाता है। यहां से बांद्रा-वर्ली सी लिंक, एनी बेसेंट रोड और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के जरिए शहर के प्रमुख हिस्सों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। साथ ही बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स, लोअर परेल और नरीमन पॉइंट जैसे बड़े बिजनेस हब के करीब होने की वजह से यह इलाका खास तौर पर हाई-प्रोफाइल लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।