डिजिटल डेस्क- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। एनडीए सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे को लेकर जारी चर्चाओं के बीच आई इस सूची को पार्टी के दक्षिण भारत में विस्तार की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। बीजेपी ने इस सूची में कई बड़े और चर्चित चेहरों को मैदान में उतारकर साफ संकेत दिया है कि वह तमिलनाडु में अपनी मौजूदगी को मजबूत करने के लिए आक्रामक रणनीति अपना रही है। केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित अविनाशी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन को हाई-प्रोफाइल मायलापुर सीट से टिकट दिया गया है।
पहली सूची में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का नाम गायब
हालांकि, इस सूची में एक बड़ा नाम गायब है। तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई को इस पहली सूची में जगह नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि अन्नामलाई कोयंबटूर (उत्तर) सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने यहां से वनाथी श्रीनिवासन को मैदान में उतारा है, जो फिलहाल कोयंबटूर (दक्षिण) से विधायक हैं। बीजेपी की इस पहली सूची में विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है। अवाडी से एम. राजसिम्हा महिंद्रा (एम. अश्विनकुमार), मायलापुर से डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन, थल्ली से नागेश कुमार, तिरुवन्नामलाई से सी. एलुमलाई और रासीपुरम (एससी) से डॉ. एस.डी. प्रेमकुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।
मनामदुरै से पोन. वी. बालगणपति को मौका
इसी तरह मोदक्कुरिची से श्रीमती कीर्तिका शिवकुमार, ऊधगमंडलम से भोजराजन, अविनाशी (एससी) से डॉ. एल. मुरुगन और तिरुपुर (दक्षिण) से एस. थंगराज चुनावी मैदान में होंगे। कोयंबटूर (उत्तर) से वनाथी श्रीनिवासन, तिरुवरूर से गोवी चंद्रू और तंजावुर से एम. मुरुगानंदन को टिकट दिया गया है। गंधर्वकोट्टई (एससी) से सी. उदयकुमार, पुदुकोट्टई से एन. रामचंद्रन, अरंथांगी से श्रीमती कविता श्रीकांत और तिरुप्पत्तूर से के.सी. थिरुमरन को भी उम्मीदवार बनाया गया है। मनामदुरै (एससी) से पोन. वी. बालगणपति, मदुरै दक्षिण से प्रो. रामा श्रीनिवासन और सत्तूर से नैनार नागेंथ्रान मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा रामनाथपुरम से जी.बी.एस. के. नागेंद्रन, तिरुचेंदूर से केआरएम राधाकृष्णन, वासुदेवनल्लूर (एससी) से अनंत अय्यासामी, राधापुरम से एस.पी. बालकृष्णन और नागरकोइल से एम.आर. गांधी को टिकट दिया गया है। कोलाचेल से टी. शिवकुमार, पद्मनाभपुरम से पी. रमेश और विलावनकोड से श्रीमती एस विजयधरानी भी पार्टी के उम्मीदवार होंगे।