माफी के बाद सुलझा पवन सिंह-अंजलि राघव विवाद, लेकिन अभी बाकी हैं मुश्किलें

KNEWS DESK – भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़ा एक विवाद एक बार फिर चर्चा में है, जिसमें माफी, आरोप और सोशल मीडिया की भूमिका ने मामले को और उलझा दिया है। पवन सिंह और अंजलि राघव के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है।

वायरल वीडियो से शुरू हुआ बवाल

दरअसल, यह मामला उस वक्त सामने आया जब एक इवेंट के दौरान दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में पवन सिंह, अंजलि राघव के करीब आते नजर आए, जिससे एक्ट्रेस असहज दिखाई दीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर काफी आलोचना हुई और मामला तूल पकड़ गया।

अंजलि ने जताई थी नाराजगी

वीडियो वायरल होने के बाद अंजलि राघव ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने इस घटना को लेकर गंभीर आपत्ति जताई और यहां तक कह दिया था कि वह इंडस्ट्री छोड़ने पर भी विचार कर रही हैं।

विवाद बढ़ता देख पवन सिंह ने सामने आकर सफाई दी और माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका कोई गलत इरादा नहीं था और अगर उनके व्यवहार से अंजलि को ठेस पहुंची है तो उन्हें इसका खेद है।

शिकायत वापस, लेकिन मामला बाकी

अब इस मामले में नया मोड़ तब आया जब अंजलि राघव ने पवन सिंह के खिलाफ दर्ज अपनी शिकायत वापस ले ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच आपसी सहमति बन गई है और अंजलि ने इस मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला किया है।

सोशल मीडिया टीम पर गंभीर आरोप

हालांकि, विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अंजलि राघव ने पवन सिंह की सोशल मीडिया टीम के कुछ सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इवेंट के दौरान की फोटो और वीडियो को गलत तरीके से फैलाया गया और कथित तौर पर कुछ कंटेंट को आपत्तिजनक प्लेटफॉर्म्स पर भी अपलोड किया गया।

इस मामले में अब अगली सुनवाई 6 अप्रैल को तय की गई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *