अमृतकाल नहीं, संकटकाल… प्रेस कांफ्रेंस कर अखिलेश यादव ने बोला भाजपा पर तीखा हमला

शिव शंकर सविता- लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश में “अमृतकाल नहीं, बल्कि संकटकाल” चल रहा है। समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार संविधान की मूल भावना से भटककर काम कर रही है और जनता के मुद्दों से पूरी तरह दूर हो चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान के रास्ते पर चलकर समाज को नई दिशा देना चाहती है, जबकि बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार “मनमर्जी और एकतंत्र” से देश चलाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां देश की बुनियाद को कमजोर कर रही हैं।

सरकार सौदागर की तरह कर रही है काम- अखिलेश यादव

बीजेपी पर आर्थिक मोर्चे पर हमला करते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार “सौदागर की तरह” काम कर रही है और हर चीज को बेचने में लगी है। उनका लक्ष्य केवल मुनाफा कमाना है, न कि जनता का कल्याण। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर सरकार कुछ लोगों को मुनाफा कमाने दे रही है, जिसकी वजह से महंगाई लगातार बढ़ रही है। साथ ही बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और सरकार निवेश के आंकड़ों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा की हालत खराब है, इंटरमीडिएट स्कूलों की स्थिति बिगड़ चुकी है और शिक्षा विभाग लगभग खत्म होने की कगार पर है। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को वेंटिलेटर पर डाल दिया है” और यहां तक कि जानवरों को लगने वाले इंजेक्शन इंसानों के लिए खरीदे गए।

कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा किया और कहा कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है। राजनीतिक रणनीति पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को दोहराया। उन्होंने कहा कि “PDA को एकजुट कर, जो लोग दुखी और अपमानित महसूस कर रहे हैं, उन्हें साथ लाकर बूथ स्तर तक काम किया जाएगा और बीजेपी को हराकर समाजवादी सरकार बनाई जाएगी।” उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर वापस लाएगी।

जापान जाकर सरकार ने कुछ नहीं सीखा- अखिलेश यादव

जापान दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा कि सरकार ने वहां से कुछ नहीं सीखा और आंखें बंद कर लीं। अंत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नकारात्मक राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि सकारात्मक एजेंडा लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि “कुछ ही समय बचा है, इसके बाद जनता इस सरकार को विदा कर देगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *