बहू ने सुनाई रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी तो पति ने किया पूजा से इंकार… बहू को निर्वस्त्र कर तंत्र-मंत्र कराने वाले मामले में पति ने तोड़ी चुप्पी

डिजिटल डेस्क- कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को चौंका दिया है। शहर के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार पर उनकी ही बहू ने तंत्र-मंत्र के नाम पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि करोड़ों रुपये खर्च कर हुई शादी के बाद उसे ससुराल में ऐसी अमानवीय परंपराओं का सामना करना पड़ा, जिसने उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। पीड़िता के अनुसार, करीब 5 करोड़ रुपये खर्च कर हुई इस भव्य शादी के बाद जब वह पहली बार ससुराल पहुंची, तो ‘पहली पूजा’ के नाम पर उसे एक कमरे में ले जाया गया। वहां जो हुआ, वह उसके लिए किसी डरावने सपने से कम नहीं था। उसने आरोप लगाया कि सास ने परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में उसे निर्वस्त्र कर पूजा करने के लिए मजबूर किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो ससुर ने उसे कमरे में बंद कर दिया और उसके शरीर पर राख का लेप किया गया।

एआई के जमाने में कहां होती है इस तरह की पूजा- पीड़िता का पति

इस कथित घटना के बाद पीड़िता का कहना है कि वह गहरे मानसिक आघात और अवसाद में चली गई। इतना ही नहीं, उसने यह भी आरोप लगाया कि शादी में करोड़ों खर्च करने के बावजूद उससे अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही और मानसिक दबाव बनाया जाता रहा। मामला सामने आने के बाद जब मीडिया ने आरोपी पति से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “आज AI का जमाना है, ऐसे समय में ऐसी आदिम पूजा कहां होती है? ये सभी आरोप पूरी तरह गलत हैं।” हालांकि, उन्होंने कैमरे के सामने ज्यादा कुछ कहने से इनकार करते हुए कहा कि वे जल्द ही मीडिया के सामने अपनी पूरी बात रखेंगे।

पुलिस पर ढिलाई बरतने का लगा आरोप

इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि परिवार के रसूख के चलते पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। उसने कहा कि FIR दर्ज होने के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों के घर पूछताछ के लिए नहीं पहुंची। पीड़िता का यह भी दावा है कि आरोपियों ने अपनी पहुंच का हवाला देते हुए मामले को दबाने की कोशिश की और लंबे समय तक समझौते के नाम पर उसे टालते रहे। वहीं, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। ACP कोतवाली आशुतोष सिंह के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसका बयान भी दर्ज किया जा चुका है और अब मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही ससुराल पक्ष को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *