मुंबई जैन मंदिर चोरी कांड: 48 घंटे में खुलासा, 1.75 करोड़ के गहनों के साथ आरोपी MP से गिरफ्तार

KNEWS DESK: मुंबई के करी रोड स्थित कालाचौकी इलाके में जैन मंदिर से करीब 1.75 करोड़ रुपये के गहनों की चोरी का सनसनीखेज मामला पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतन उर्फ बंटी उर्फ पंडित (34) को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी नेपाल भागने की पूरी तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।

कैसे हुई वारदात

30 मार्च की तड़के सुबह, जब पूरा इलाका शांत था, आरोपी ने अविघ्न पार्क स्थित जैन मंदिर में चोरी को अंजाम दिया। उसने भगवान की मूर्तियों पर चढ़े सोने के आभूषण और हीरे जड़ा टीका बड़ी सफाई से उतारा और मौके से फरार हो गया। सुबह मंदिर खुलने पर चोरी का पता चलते ही हड़कंप मच गया।

300 CCTV कैमरों से मिला सुराग

मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आसपास लगे 200 से 300 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। अलग-अलग फुटेज से मिले छोटे-छोटे क्लू को जोड़कर पुलिस आरोपी के चेहरे और उसके भागने के रूट तक पहुंची। इसी दौरान एक अहम फुटेज में आरोपी एक होटल में नजर आया, जहां उसने ऑनलाइन पेमेंट किया था। यही एक छोटी सी गलती उसके पकड़े जाने की वजह बनी। इस ट्रांजैक्शन से पुलिस को उसका मोबाइल नंबर मिला, जिसके बाद कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।

MP से गिरफ्तारी, नेपाल भागने की थी तैयारी

जांच में सामने आया कि आरोपी मुंबई से भागकर मध्य प्रदेश पहुंच चुका है। पुलिस टीम तुरंत वहां रवाना हुई और उसकी बहन से पूछताछ की। शुरुआत में उसने जानकारी छिपाई, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि आरोपी नेपाल भागने की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने संभावित ठिकानों और नेपाल जाने वाले रास्तों पर नजर रखी। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी एक रिश्तेदार के घर की छत पर छिपा है।

छत से कूदकर भागने की कोशिश नाकाम

पुलिस ने इलाके को घेर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी ने एक छत से दूसरी छत पर कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस पहले से सतर्क थी और उसे पकड़ लिया गया।

शातिर अपराधी निकला आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मध्य प्रदेश के भिंड जिले का रहने वाला है और चंबल क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के 18 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के सभी गहने और हीरे जड़ा टीका बरामद कर लिया है, साथ ही वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *